मेदिनीनगर। प्रतिनिधि
बेरोजगार संघर्ष मोर्चा ने जिला कार्यालय बारालोटा में पलामू जिला का 129वां वर्षगांठ मनाया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए मोर्चा अध्यक्ष उदय राम ने कहा कि आज के ही दिन एक जनवरी 1892 ई. को पलामू जिला की स्थापना हुई थी। 129 वर्ष में भी पलामू का अपेक्षित विकास नहीं हो सका है। आज भी पलामू अकाल, सुखाड़, पलायन के नाम से जाना जाता है। यह जिला भुखमरी, बेरोजगारी और कुपोषण से ग्रसित है। उद्योग धंधे, कल कारखाने नहीं होने के कारण प्रतिवर्ष बेरोजगार एवं मजदूर का पालयन होता है। इस जिले में 13 वृहत सिंचाई योजना है, 70 हजार सिंचाई कूप है, 50 हजार नदी , नाले,तालाब सिंचाई की व्यवस्था है। लिफ्ट ऐरगिेशन से भी सिंचाई की व्यवस्था पर है,लेकिन सभी कारगर नहीं है। गर्मी के दिनों में नदी-नाले सूख जाते हैं। जिले में सिंचाई की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सुखाड़ का मार झेलना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के उदासीनता के कारण आज तक इस जिले का अपेक्षित विकास नहीं हो सका है। कार्यक्रम का संचालन संजय कुमार ने किया। मौके पर प्रदुम्न तिवारी, सतीश दुबे, विजय कुमार, विकास कुमार, प्रभात कुमार, अनील राम, प्रेम कुमार समेत कई कार्यकर्ता शामिल थे।