
सपने को हकीकत में बदलने वाला जनप्रतिनिधि की है दरकार
मेदिनीनगर नगर निगम के आम चुनाव-2026 की तैयारी जोरों पर है। 1,58,941 की आबादी में 1,29,034 मतदाता हैं, जिनमें से अधिकांश युवा हैं। युवाओं ने बुनियादी सुविधाओं के विकास और जाम की समस्या का समाधान करने की मांग की है। उन्हें उम्मीद है कि नया जनप्रतिनिधि उनके सपनों को साकार करेगा।
नगरपालिका आम चुनाव-2026 की सरगर्मी अब मेदिनीनगर नगर निगम के प्रत्येक वार्ड में महसूस की जाने लगी है। 23 फरवरी को मतदान और 27 फरवरी को मतगणना तय हो जाने से 35 वार्ड वाले मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र में निवास करने वाली 1,58,941 आबादी भी उत्साहित है। खासकर 1,29,034 मतदाता जिसमें 50 प्रतिशत से अधिक युवा है, की बड़ी-बड़ी अपेक्षाएं हैं। झारखंड राज्य की स्थापना के बाद जन्म लेने वाले मेदिनीनगर निवासी बड़ी संख्या में युवा अब मतदाता के रूप में पंजीकृत हैं और अपने शहर में भी तरक्की के हर आयाम को आम जरूरत के अनुरूप सहजता से सुलभ चाहते हैं।
युवाओं ने कहा कि इस दिशा में अभी बहुत प्रयास शेष है। इसलिए सपने को हकीकत में बदलने वाला जनप्रतिनिधि जरूरी हो गया है। मेदिनीनगर। पलामू प्रमंडल का मुख्यालय सिटी सह मेदिनीनगर नगर निगम जो 25 साल पहले तक डाल्टनगंज के नाम से जाना जाता था। इस शहर का विकास बिजराबाग के कुछ क्षेत्र को साफ कर किया गया था। उत्तर कोयल नदी तट के दोनों तरफ फैले मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र का मुख्य बाजार क्षेत्र से ज्यादा पुराना चैनपुर बाजार क्षेत्र है। सवा सौ साल से अधिक पुराने झारखंड प्रदेश के प्रमुख नगर निकायों में एक मेदिनीनगर में बुनियादी सुविधाओं का अपेक्षित विकास अब भी नहीं हो पाया है। फिर भी यहां निवास करने वाले या शिक्षा और रोजगार के लिए इस शहर को अपना आवासीय परिसर बना चुके युवाओं ने बेहतरीन शहर का सपना देखने लगे हैं। इस सपने को हकीकत में बदलने की दिशा में सतत प्रयास की अपेक्षा मेदिनीनगर की युवाओं की है। संवाद के क्रम में मेदिनीनगर के युवाओं ने कहा कि विकास के लिए मेदिनीनगर की पूरी आबादी छटपटा रही है ताकि पलायन, कुव्यवस्था, असुरक्षा जैसी समस्याओं से छुटकारा मिल सके। नगरपालिका आम चुनाव के बाद ऐसी स्थानीय सरकार गठित होनी चाहिए जो पूरे निगम क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विकास सुनिश्चित कर सके। नगर निगम का दर्जा मिलने के बाद शहरवासियों, विशेषकर युवाओं में उम्मीद की एक नई किरण जगी थी कि अब शहर की सूरत बदलेगी। लेकिन समस्याओं का निदान अपेक्षित स्तर पर नहीं हो पाया है। युवाओं ने कहा कि जाम के झाम से मुक्ति, मेदिनीनगर की सबसे बड़ी जरूरत बनती जा रही है। हर आम नागरिक का दैनिक जीवन जाम से प्रभावित है। शहर की भौगोलिक संरचना और बढ़ते वाहनों के दबाव ने सड़कों को संकरा कर दिया है। बस स्टैंड का स्थानांतरण भी अबतक नहीं हो सका है। युवाओं की अपेक्षा है कि मुख्य शहर के हृदय स्थल में स्थित बस स्टैंड को तत्काल प्रभाव से बाहरी क्षेत्र में स्थानांतरित किया जाए। वर्तमान में, लंबी दूरी की बसें और भारी वाहन शहर के बीच से गुजरती हैं, जिससे हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। बस स्टैंड को शहर से बाहर ले जाने से शहर के अंदर वाहनों का दबाव 50% तक कम हो जाएगा। दिन के समय शहर के मुख्य मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से वर्जित होना चाहिए। अस्थायी बैरिकेडिंग से जाम की समस्या दूर नहीं करने का लक्ष्य पूरा नहीं होगा। व्यापक ट्रैफिक प्लान बनाकर निदान निकालने की जरूरत है। वन-वे सिस्टम और पार्किंग जोन विकसित कर जाम की समस्या का स्थायी निदान निकालने की आवश्यकता है। युवाओं ने कहा कि पाइपलाइन के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित करने की जरूरत है। पलामू का क्षेत्र भीषण गर्मी और जल संकट के लिए पहचाना जा रह है। मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति अनिवार्य जरूरत बन गया है। शहरवासी अब इंतजार करते-करते थकने लगे हैं। शहरी जलापूर्ति योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा है, लेकिन इसकी गति अत्यंत धीमी है। सबसे चिंताजनक विषय कार्य की गुणवत्ता है। युवाओं ने कहा कि पाइप बिछाने और वाटर फिल्ट्रेशन प्लांट के निर्माण में गुणवत्ता से समझौता किया जा रहा है। जगह-जगह खोदी गई सड़कें और अधूरे पड़े काम ने उम्मीद को निराशा में बदलने लगा है। इसे फिर से आशा में बदलने और उसे पूरा करने की जरूरत है। युवाओं ने कहा कि नगर प्रशासन से अपेक्षा है कि पहली बोर्ड बैठक का एजेंडा शहर की सभी सड़कों को दुरुस्त करने वाली होनी चाहिए। मेदिनीनगर की सड़कों की हालत किसी से छिपी नहीं है। नई कॉलोनियों और निगम में जुड़े नए क्षेत्रों की बदतर स्थिति में बदलाव लाने की जरूरत है। निगम का विस्तार तो हुआ, लेकिन नए जुड़े वार्डों में सुविधाएं अभी भी ग्रामीण स्तर की हैं। वहां पक्की सड़कें और नालियां बनाना प्राथमिकता होनी चाहिए। शहर के पुराने और नए क्षेत्रों के बीच विकास का यह असंतुलन दूर करना अनिवार्य है। विशेष मरम्मत अभियान चलाकर गड्ढा मुक्त शहर का निर्माण करने की जरूरत है। मानसून से पहले की तैयारी हर साल बरसात शुरू होने से पहले पूरा कर लेना चाहिए। मेदिनीनगर में हर साल जलजमाव की समस्या बन जाती है। इससे गंदगी और बीमारियों की समस्या बढ़ रही है। इसका निदान जरूरी है। बरसात आने का इंतजार न करते हुए अभी से शहर की सभी छोटी-बड़ी नालियों की गहन सफाई सुनिश्चित करने और ससमय कचरा उठाव कराने की जरूरत है। शहर के कई हिस्सों में नालियों का ढलान गलत है। इससे पानी बहने के बजाय जमा होता है। इसका तकनीकी समाधान निकालने की आवश्यकता है। युवाओं ने कहा कि स्ट्रीट लाइट्स इनवर्टर आधारित या सोलर हाइब्रिड होना ही चाहिए। यह सुनिश्चित करेगा कि ग्रिड की बिजली गुल होने के बावजूद शहर की सड़कें रोशन रहें। यह कदम न केवल सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इससे चोरी, छीनतई और दुर्घटनाओं का भय कम होगा। मेदिनीनगर स्मार्ट सिटी बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा। 0सुझाव व अपेक्षाएं 1. मेदिनीनगर नगर निगम में लघु उद्योग और आईटी सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए कार्य-योजना बनाकर काम करने की जरूरत है ताकि युवाओं को अपने शहर में रोजगार मिल सके। 2. विद्यार्थियों के लिए नि:शुल्क वाई-फाई और डिजिटल सुविधाओं से युक्त बड़ा आधुनिक पब्लिक लाइब्रेरी सुलभ कराने का प्रयास करना चाहिए। 3. स्थाई और अस्थाई रूप से निवास करने वाले खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए व्यवस्थित स्टेडियम और इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स व्यवस्था सुलभ कराना चाहिए। 4. वैश्विक प्रतिस्पर्धा में भी डटे रहने के योग्य युवाओं को तैयार करने में सक्षम शिक्षा व्यवस्था व कैंपस का विकास करने की जरूरत है। इससे पलायन भी रूकेगा। 5. मेदिनीनगर सिटी में स्वच्छ पानी अनुपलब्ध होने की समस्या को गंभीरता से लेते हुए प्रत्येक परिवार को पाइप लाइन के माध्यम से पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की जरूरत है। 6. मानसिक स्वास्थ्य और मनोरंजन के लिए शहर में सुरक्षित पार्क, ओपन जिम और सांस्कृतिक केंद्रों का विकास करने की आवश्यकता है। 7. सभी प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण व वनवे ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित करने, जाम की समस्या का निदान निकालने और पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने की जरूरत है। 8. शहर के सभी चौराहों, प्रमुख संस्थान, बाजार आदि में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी कैमरे, क्विक रिएक्शन पुलिस टीम की तैनाती सुनिश्चित करने की जरूरत है। 9. स्ट्रीट लाइट्स की व्यवस्था इन्वर्टर आधारित करने और मुख्य सड़क के अलावा मोहल्ले के गलियों में भी इसे स्थापित करने की जरूरत है। 10. प्रत्येक मोहल्ले में नियमित सफाई, कचरे का ससमय उठाव, ढके हुए पक्की नालियों का का समुचित विस्तार करने और मोहल्ला क्लिनिक की सुविधा देने की जरूरत है। 0इनकी भी सुनिए मेदिनीनगर सिटी का समग्र विकास के लिए सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट आदि बुनियादी सुविधाओं को तत्काल प्रभाव से बेहतर करने के साथ-साथ पुराने शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाने की आवश्यकता है। इसके लिए सतत प्रयास जरूरी है।...शुभम गुप्ता, युवा सामाजिक कार्यकर्ता मेदिनीनगर प्राकृतिक रूप से काफी समृद्ध है। बड़ा तालाब बहुत बड़ा एसेट है। समग्र विकास की दूरी तय करना बहुत जरूरी है। वेंडर मार्केट का निर्माण कराकर युवाओं को आवंटित करने, पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने, डिवाइडर के कारण पैदा हुई परेशानी को दूर करने, युवाओं के समग्र विकास को सुनिश्चित करने की आवश्यकता है।...जिशान खान, युवा सामाजिक कार्यकर्ता 0सामान्य कोट शिक्षा केवल डिग्री के लिए नहीं वरन भविष्य सुरक्षित करने वाली होनी चाहिए। मेदिनीनगर के बच्चे व युवाओं को सरकारी स्तर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की व्यवस्था होनी चाहिए।...वीरेंद्र कुमार पलायन मजबूरी नहीं, विकल्प होना चाहिए। स्थानीय स्तर पर रोजगार के अधिक से अधिक अवसर के विकास से युवाओं के अधिकतम क्षमता का सुदुपयोग हो सकता है।...श्वेत रंजन खेल का मैदान में स्वस्थ्य शरीर, अनुशासन और करियर भी सुलभ कराता है। मेदिनीनगर सिटी में स्टेडियम और खेल सुविधाओं का समुचित विकास की आवश्यकता है।...आशीष अग्रवाल सिर्फ वादे नहीं, अब धरातल पर विकास चाहिए। स्वच्छ पानी और स्मार्ट सिटी जैसी सुविधाएं हर युवा का अधिकार है। मेदिनीनगर इससे कतई वंचित नहीं होना चाहिए।...नवनीत पाठक डिजिटल युग में मेदिनीनगर को पिछड़ा नहीं दिखना चाहिए। नि:शुल्क वाई-फाई और ई-लाइब्रेरी की सुविधा जरूरी है। 5जी नेटवर्क नाम का नहीं काम का सुनिश्चित होना चाहिए।...रोहित पाठक सुरक्षित शहर सुनिश्चित करने से ही विकास को तीव्र गति मिल सकती है। रात में निर्बाध रोशनी देने वाली स्ट्रीट लाइट्स, पुलिस की सशक्त मौजूदगी और लॉ-ब्रेकर में डर दिखनी चाहिए।...निकिता नगर निगम के फैसलों में युवाओं की प्रगति को प्रोत्साहित करने का प्रयास होना चाहिए। युवाओं की सकारात्मक सोच और ऊर्जा से ही शहर की तस्वीर बदलना संभव हो सकेगा।...सतीश तिवारी स्वच्छता सिर्फ अभियान तक सीमित नहीं होनी चाहिए। इसे प्रत्येक व्यक्ति के आदत में शामिल कराने की पहल होनी चाहिए। साफ और सुंदर मेदिनीनगर तभी संभव है।...सूर्यकांत युवाओं के हुनर को मूल्यवर्द्धित करने के लिए कौशल विकास केंद्रों की संख्या बढ़ाने, सहजता से छोटे-छोटे ऋण और कारोबार करने के लिए स्थान व माहौल देने की जरूरत है।...कुमार अक्षय आधुनिकता के साथ संस्कृति का सम्मान भी सुनिश्चित होना चाहिए। विरासत को संरक्षित करने, कला और साहित्य को प्रोत्साहित करने की पहल भी जरूरी है।...मिथिलेश कुमार मेदिनीनगर में बढ़ते पक्का स्ट्रक्चर के अनुपात में हरे-भरे पार्क, जलीय क्षेत्र का संरक्षण व विकास भी जरूरी है। इससे ही पर्यावरण संतुलित रह सकेगा।...सूरज कुमार बढ़ते वाहनों के कारण जटित होती जा रही जाम की समस्या का निदान जरूरी है। पार्किंग सुविधा बढ़ाने, सड़कों की चौड़ाई बढ़ाने, नालियों की दशा सुधारने की आवश्यकता है।...मनीष कुमार प्रजापति

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




