पलामू जिले में अकीदत और सौहार्द के साथ मनाया गया बकरीद का त्योहार

हिन्दुस्तान, पलामू
Follow us on Google News
share

पलामू जिले में ईद-उल-अजहा का त्योहार शनिवार को अकीदत और भाईचारे के साथ मनाया गया। मेदिनीनगर और अन्य क्षेत्रों की मस्जिदों में विशेष नमाज अदा की गई। ईद के मौके पर लोगों ने एक-दूसरे को बकरीद की मुबारकबाद दी और अमन-चैन के लिए दुआ मांगी।

पलामू जिले में अकीदत और सौहार्द के साथ मनाया गया बकरीद का त्योहार

मेदिनीनगर, हिन्दुस्तान टीम। पलामू जिले में ईद-उल-अजहा अर्थात बकरीद का त्योहार शनिवार को अकीदत, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। पर्व को लेकर मुस्लिम समुदाय में खासा उत्साह रहा। मेदिनीनगर सिटी समेत अन्य शहर व ग्रामीण क्षेत्रों की मस्जिदों व ईदगाह में बकरीद की विशेष नमाज अदा की गई। मेदिनीनगर शहर स्थित जामा मस्जिद, छोटी मस्जिद, नूरी मस्जिद, मदीना मस्जिद, मिल्लत मस्जिद, मस्जिद-ए-हेरा तथा मदरसा अहसनूल उलूम सहित विभिन्न मस्जिदों में बड़ी संख्या में नमाजी ने विशेष नमाज अदा की। छतरपुर, हुसैनाबाद, पांकी, चैनपुर, विश्रामपुर, हरिहरगंज, पाटन, नावाबाजार, ऊंटारी रोड, नौडीहा, सतबरवा, नीलांबर-पीतांबरपुर और हैदरनगर प्रखंडों की मस्जिदों में भी अलग-अलग समय पर नमाज अदा की गई। बकरीद का त्योहार को लेकर प्रशासन की टीम भी सुबह से ही चौकस रही。

ईद-उल-अजहा का महत्व

पलामू जिला मुख्यालय सिटी मेदिनीनगर के जामा मस्जिद के पेश इमाम ने तकरीर में कहा कि ईद-उल-अजहा हजरत इब्राहिम और हजरत इस्माईल की कुर्बानी और समर्पण की याद में मनाया जाता है। अल्लाह की राह में कुर्बानी देने का विशेष महत्व है। यह पर्व त्याग, इंसानियत और भाईचारे का संदेश देता है। नमाज के बाद लोगों ने देश में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की के लिए दुआ मांगी तथा एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी। कई लोगों ने कब्रिस्तान जाकर अपने पूर्वजों को याद किया। इसके बाद आर्थिक रूप से सक्षम लोगों ने अल्लाह की राह में कुर्बानी अदा की।

शांतिपूर्ण माहौल में मनाई गई ईद

इधर छतरपुर मुख्यालय सहित पूरे प्रखंड क्षेत्र में भी ईद-उल-अजहा शांतिपूर्ण माहौल में मनाई गई। जामा मस्जिद, खाटीन मस्जिद, अंसारी मुहल्ला, अर्जुनडीह, मुनकेरी, चेगौना, बचकोमा और कारीमाठी की मस्जिदों में बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की। पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय रहा तथा विभिन्न मस्जिदों और चौक-चौराहों पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई थी। हुसैनाबाद में ईद-उल-अज़हा की विशेष नमाज ईदगाह में अदा की गई। बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईद की नमाज़ अदा की। नमाज़ में हज़ारों अकीदतमंद शामिल हुए और पूरे श्रद्धा व एहतराम के साथ इबादत की गई। नमाज़ के बाद मुल्क में अमन-ओ-सुकून, भाईचारे, तरक्की और पूरी उम्मत की सलामती के लिए ख़ास दुआएं मांगी गईं। ईदगाह परिसर में भाईचारे और सौहार्द का माहौल देखने को मिला। सामाजिक कार्यकर्ता शेर अली, शशि कुमार, रवि यादव सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं कई गणमान्य लोग ईदगाह पहुंचकर एक-दूसरे को बकरीद की मुबारकबाद दी।

सामान्य प्रश्न

ईद-उल-अजहा कब मनाया गया?
ईद-उल-अजहा शनिवार को मनाया गया।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।