यीशु मसीह के पुनरुत्थान का उत्सव ईस्टर उल्लास और विश्वास के साथ मनाया गया

Apr 05, 2026 11:51 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, पलामू
share

मेदिनीनगर में ईस्टर का त्योहार शांति की महारानी कैथेड्रल में मनाया गया। बिशप थियोडोर मस्कारेनहास ने जागरण अनुष्ठान का नेतृत्व किया। समारोह में दो बच्चों का बपतिस्मा हुआ और श्रद्धालुओं ने मोमबत्तियां जलाकर प्रभु यीशु का स्वागत किया। चर्च में विश्व शांति और मानव कल्याण के लिए प्रार्थनाएं की गईं।

यीशु मसीह के पुनरुत्थान का उत्सव ईस्टर उल्लास और विश्वास के साथ मनाया गया

मेदिनीनगर, प्रतिनिधि। पास्का अर्थात ईस्टर का त्योहार रविवार को मेदिनीनगर के शांति की महारानी कैथेड्रल में प्रभु यीशु के पुनरुत्थान उत्सव के रूप में श्रद्धा, उल्लास और आध्यात्मिक वातावरण के बीच मनाया गया। शनिवार की रात में जागरण अनुष्ठान का नेतृत्व बिशप थियोडोर मस्कारेनहास ने जिसमें बड़ी संख्या में मसीही श्रद्धालु उपस्थित होकर पुनर्जीवित प्रभु की उपस्थिति का अनुभव किया। समारोह की शुरुआत ईस्टर कैंडल जलाने के साथ हुई, जो अंधकार पर प्रकाश और मृत्यु पर जीवन की विजय का प्रतीक है। इसके बाद विशेष मिस्सा बलिदान अनुष्ठान कराया गया गया। अनुष्ठान के दौरान दो बच्चों को बपतिस्मा देकर कैथोलिक कलीसिया में शामिल किया गया, जिससे समारोह और भी महत्वपूर्ण बन गया।

ईस्टर के विशेष अनुष्ठान के दौरान श्रद्धालुओं ने मोमबत्तियां जलाकर प्रभु यीशु के प्रकाश का स्वागत किया। धर्मगुरुओं ने अपने संदेश में कहा कि प्रभु यीशु का पुनरुत्थान मानवता के लिए आशा, प्रेम और नए जीवन का संदेश है। यीशु मसीह का जी उठना यह विश्वास दिलाता है कि जो उन्हें अपना उद्धारकर्ता मानते हैं, उन्हें अनंत जीवन की प्राप्ति होगी। साथ ही समाज में शांति, भाईचारे और सेवा की भावना को अपनाने का आह्वान किया गया। मिस्सा अनुष्ठान में पल्ली पुरोहित फादर क्रिस्टोफर डुंगडुंग के साथ फादर विनोद केरकेट्टा, फादर मंजीत, फादर एंथनी फर्नांडीस, फादर जॉर्ज तिग्गा एवं डीकन बीरबल कुजूर विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में करीब 20 धर्म बहनें, 50 सेमिनेरियन तथा लगभग दो हजार श्रद्धालु शामिल हुए।इधर, सीएनआई चर्च में पादरी जकरियस तिर्की और यूनियन चर्च में पादरी प्रभु रंजन मसीह के नेतृत्व में विशेष पूजा-अर्चना की गई। सभी चर्चों में विश्व शांति, देश की उन्नति और मानव कल्याण के लिए प्रार्थनाएं की गईं। सीएनआई और यूनियन चर्च में भी पास्का त्योहार के विशेष प्रार्थना अनुष्ठान के दौरान बड़ी संख्या में विश्वासी उपस्थित हुए।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।