मेदिनीनगर के दस वार्ड में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन शुरू
मेदिनीनगर, प्रतिनिधि। पलामू प्रमंडलीय मुख्यालय सिटी सह मेदिनीनगर नगर निगम के 10 वार्डो में सोमवार से डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन कार्य शुरू हो गया।...

मेदिनीनगर, प्रतिनिधि। पलामू प्रमंडलीय मुख्यालय सिटी सह मेदिनीनगर नगर निगम के 10 वार्डो में सोमवार से डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन कार्य शुरू हो गया। महापौर अरुणा शंकर, उप-महापौर मंगल सिंह, नगर आयुक्त समीरा एस एवं वार्ड पार्षद प्रदीप अकेला, नवीन गुप्ता और हीरामणि तिर्की ने संबंधित 14 गाड़ियों को रवाना कर नई व्यवस्था की शुरुआत की। वार्ड नंबर 12, 13, 14, 16, 17, 18, 21, 22, 23 और 24 के निवासियों को इसका फायदा मिलेगा। घर और दुकान से निकलने वाले कचरे को गाड़ी में ही डालकर संबंधित वार्ड के नागरिक अपने मोहल्ले को स्वच्छ रखने में मददगार बन सकते हैं।
महापौर ने मौके पर कहा कि मजदूरों की कमी की वजह से प्रभावित सफाई व्यवस्था से उन्हे काफी तकलीफ हो रही है। उन्होंने टाटा में कार्य करने वाली एक कंपनी को डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन का कार्य सौंपा है। उनका प्रयास है कि बड़े शहरों की तरह मेदिनीनगर शहर भी स्वच्छ और सुंदर बने। इसके लिए आम नागरिकों का सहयोग जरूरी है। महापौर ने बताया दो महीना तक इस एजेंसी का कार्य देखने के बाद पूरे निगम क्षेत्र में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन योजना शुरू करने पर विचार किया जाएगा। महापौर ने कहा कि उन्हे मालूम है कि पानी के बिना कितनी समस्या आम नागरिकों को हो रही है। खासकर माताएं और बहनों को परेशानी झेलना पड़ रहा है। शहरी जलापूर्ति योजना के क्रियान्वयन में पहले सरकार बदलने के चलते विलंब हुआ फिर कोविड के कारण दो वर्ष काम ठप रहा। अब नगर विकास की एजेंसी जुडको में लगभग 300 करोड़ रुपए की शहरी जलापूर्ति योजना फेज-टू व फेज-3 लंबित है। परंतु उन्हे विश्वास है कि वे जनता से किए गए वादों को पूरा करने में सफल हो जाएगी। उन्होंने कहा कि बिना पानी आपूर्ति किए जिन परिवारों को बिल भेजा जा रहा है उनका बिल माफ किया जाएगा। उप-महापौर ने आम नागरिकों से मदद का अनुरोध किया।
