उद्घाटन समारोह में अनियमितता पर भड़के चिकित्सा उपाधीक्षक, क्लिनिक सील करने की दी चेतावनी
मेदिनीनगर के जपला स्थित जे. के. हॉस्पिटल के उद्घाटन के दौरान चिकित्सा उपाधीक्षक डॉ. एस. के. रवि ने अस्पताल की सुविधाओं और डॉक्टरों की अनुपलब्धता पर नाराजगी जताई। उन्होंने अस्पताल को सील करने की चेतावनी दी है यदि नियमों का पालन नहीं किया गया। स्थानीय लोगों ने अवैध क्लिनिकों के खिलाफ जांच की मांग की।

मेदिनीनगर, प्रतिनिधि। जपला स्थित जे. के. हॉस्पिटल के उद्घाटन समारोह के दौरान हुसैनाबाद के चिकित्सा उपाधीक्षक डॉ. एस. के. रवि ने मौके पर पहुंचकर क्लिनिक संचालन से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों और चिकित्सक की उपलब्धता की पूछताछ की । प्रश्नों के जवाब में अस्पताल संचालक टाल मटोल जवाब दे रहे थे । स्थिति को समझकर उपाधीक्षक ने दर्शाए गए सूची के अनुसार डॉक्टरों और सुविधाओं की अनुपलब्धता पर अस्पताल सिल करने की चेतावनी दिया है। जानकारी के अनुसार अस्पताल के उद्घाटन के लिए डॉ. एस. के. रवि को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। फीता काटने के बाद उन्होंने मौके पर मौजूद चिकित्सक से मिलने की इच्छा जताई, लेकिन निदेशक हिमांशु कुमार इस मामले में टालमटोल करते नजर आए।
अस्पताल के प्रचार-प्रसार में डॉ. सी. पी. सिंह (एमबीबीएस) के नाम का उल्लेख किया गया था, किंतु उद्घाटन के समय संबंधित चिकित्सक की अनुपस्थिति ने संदेह उत्पन्न कर दिया। इस पर उपाधीक्षक ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि यदि नियमसंगत तरीके से क्लिनिक का संचालन नहीं किया जा रहा है, तो प्रशासन द्वारा इसे सील करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। डॉ. एस. के. रवि ने इस पूरे मामले की जानकारी पलामू सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव को भी दे दी है, ताकि आवश्यक जांच और कारवाई सुनिश्चित की जा सके, वहीं मीडिया से बातचीत में उन्होंने स्पष्ट किया कि इस उद्घाटन कार्यक्रम में उनकी सहभागिता केवल औपचारिक आमंत्रण तक सीमित थी और वे किसी प्रकार की अनियमितता का समर्थन नहीं करते हैं। गौरतलब है कि हुसैनाबाद क्षेत्र में पूर्व में भी कई ऐसे क्लिनिकों पर प्रशासनिक कार्रवाई की जा चुकी है, जहां एमबीबीएस डॉक्टरों के नाम पर पंजीकरण लेकर झोलाछाप चिकित्सक संचालन करते थे। ऐसे मामलों को देखते हुए स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मांग की है कि एक विशेष टीम गठित कर अवैध क्लिनिक संचालकों के खिलाफ व्यापक जांच अभियान चलाया जाए, ताकि आम लोगों की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


