
सतबरवा में केमिकल लदा ट्रक पलटा, चालक की झुलसकर मौत
संक्षेप: सतबरवा में आजाद घाट पुल के पास एक केमिकल लदा टैंकर पलट गया। टैंकर के पलटने से चालक रमेश कुमार मेहता की झुलसकर मौत हो गई। यह घटना सुबह 3:30 बजे हुई, जब टैंकर मेदिनीनगर से रांची की ओर जा रहा था। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
सतबरवा, प्रतिनिधि। पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के दुबियाखाड़ के समीप आजाद घाट पुल के पास शनिवार की सुबह में केमिकल लदा टैंकर पलट गया। पश्चिम बंगाल में पंजीकृत टैंकर के पलटने से चालक की झुलसकर मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी राजकुमार मेहता के 45 वर्षीय पुत्र रमेश कुमार मेहता के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने पर कंपनी के चालकों ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली। सतबरवा के थाना प्रभारी विश्वनाथ कुमार राणा ने बताया कि वाहन मेदिनीनगर की ओर से रांची की तरफ जा रहा था। सुबह लगभग 3:30 बजे के करीब आजाद घाट के तीखा मोड़ पर अनियंत्रित होकर टैंकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

चालक की केमिकल से झुलसकर मौत हो गई है। परिजनो के पहुंचने उपरांत मेदिनीनगर के एमआरएमसीएच में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे सौंप दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अबतक की जांच के अनुसार एनटीपीसी के केमिकल फैक्ट्री में रमेश कुमार मेहता काम करता था। थाना प्रभारी ने बताया कि क्रेन की मदद से ट्रक को उठाया गया है। केमिकल लदा होने के कारण चारों ओर केमिकल का असर फैल गया था। फायर ब्रिगेड के वाहन को भी बुलाया गया था। सामाजिक कार्यकर्ता शत्रुघ्न सिंह ने बताया कि नेशनल हाइवे 39 पर केमिकल लदा मालवाहक टैंकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। जिस समय यह घटना हुई उस वक्त वे लोग गहरी नींद में सो रहे थे। गाड़ी पलटने की तेज आवाज सुनकर लोग पुल की तरफ दौड़ पड़े और टैंकर के केमिकल से झुलस गए ड्राइवर को गंभीर स्थिति में पुलिस की मदद से अस्पताल भेजा गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




