देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद की मनायी गई जयंती
देशरत्न डॉ राजेंद्र प्रसाद सेवा संस्थान ने डॉ राजेंद्र प्रसाद की 140वीं जयंती मनाई। कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और दीप दान किया। संस्थान के अध्यक्ष ने उनकी सादगी और विचारों की...

मेदिनीनगर, प्रतिनिधि। देशरत्न डॉ राजेंद्र प्रसाद सेवा संस्थान ने देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद की 140वीं जयंती मनाई। संस्थान से जुड़े कार्यकर्ताओं ने शहर के छहमुहान पर स्थित डॉ राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। वहीं शाम में प्रतिमा स्थल पर दीप दान किया। इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष नवीनचंद कुमार ने कहा कि डॉ राजेंद्र प्रसाद की सादगी और उनके विचारों से लोगों को प्ररेणा लेने की जरूरत है। इनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि तब होगी जब उनके विचारों को अपने जीवन में उतारेंगे। संस्थान के सचिव विनीत कुमार ने कहा कि भारत के संविधान के धर्म निरपेक्ष स्वरूप के निर्माण में डॉ राजेंद्र पसा्रद के विचारों का बहुत बड़ा हाथ है। देश की आजादी के लिए स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी प्रेरणा से प्रांत के कई युवा स्वतंत्रता आंदोलन में कूद पड़े थे। उनमें प्रमुख रूप से उनके दादा एवं डालटनगंज के द्वितीय विधायक स्व. उमेश्वरी चरण उर्फ लल्लू बाबू भी थे। डॉ राजेंद्र प्रसाद सादगी के प्रतिमूर्ति थे। जेएमएम के जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सिन्हा ने कहा कि देश रत्न डॉ राजेंद्र प्रसाद के विचारों को देश के नई पीढ़ी तक पहुंचानी चाहिए। इस अवसर पर गोपाल कृष्ण वर्मा, सतीशचंद्र जौरीहार, आलोक वर्मा, सुधीर सहाय, दीनेश प्रसाद, प्रदीप कुमार सिन्हा समेत कई लोग उपस्थित थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।