
नगर निकाय चुनाव कराने से डर रही है हेमंत सरकार : भाजपा
भाजपा ने बिश्रामपुर नगर परिषद कार्यालय के सामने तीन सूत्री मांगों के समर्थन में धरना दिया। प्रदर्शन में दलीय आधार पर चुनाव कराने, ईवीएम के आधार पर चुनाव कराने की मांग की गई। भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों की आलोचना की और आम लोगों को इनसे अवगत कराने का आह्वान किया।
विश्रामपुर, प्रतिनिधि। भाजपा ने तीन सूत्री मांगों के समर्थन में मंगलवार को बिश्रामपुर नगर परिषद कार्यालय के समक्ष एक दिनी धरना दिया। धरना कार्यक्रम के माध्यम से दलीय आधार पर चुनाव कराने, ईवीएम के आधार पर चुनाव कराने आदि की मांग की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष ज्वाला गुप्ता व संचालन पूर्व मंडल अध्यक्ष बबन राम ने किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ ईश्वर सागर चंद्रवंशी ने कहा कि हेमंत सरकार संभावित हार की डर से निकाय चुनाव करना ही नहीं चाहती थी। लेकिन न्यायालय के आदेश और केंद्र सरकार के दबाव में चुनाव कराने को तैयार हुई है।
इसके बावजूद भी राज्य की गठबंधन सरकार चुनाव दलीय आधार पर नहीं करना चाहती ताकि हार की जिम्मेवारी से बचा जा सके। भाजपा जिलाध्यक्ष अमित तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार जन विरोधी कार्य कर रही है। इसके चलते आमजन भी आक्रोशित हैं। कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को मोदी सरकार की उपलब्धियां बताएं और हेमंत सरकार की जनविरोधी नीतियों की जानकारी दें। इससे पहले भाजपा नेताओं-कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन भी किया। शुरुआत स्थानीय जनता उच्च विद्यालय परिसर से हुआ। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने मांगों का ज्ञापन कार्यपालक पदाधिकारी जयपाल सिंह को सौंपा। भाजपा जिला उपाध्यक्ष रामचंद्र यादव, डॉ वीपी शुक्ला, शिवबंश मिश्रा, पूर्व प्रमुख संतोष चौबे, सांसद प्रतिनिधि अनुज पांडेय, राजन पांडेय, विकास चौबे मिंटू, संतोष कुमार, संजय ठाकुर, विजय कुमार रवि, सुनील कुमार चौधरी, दिनेश शुक्ला आदि मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




