ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड पलामूपूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ भाजपा ने करायी प्राथमिकी

पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ भाजपा ने करायी प्राथमिकी

पलामू जिले के मेदिनीनगर शहर थाना में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के नेता वीरेन्द्र कुमार सिन्हा ने झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के विरुद्ध भाजपा एवं...

पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ भाजपा ने करायी प्राथमिकी
हिन्दुस्तान टीम,पलामूSat, 21 Dec 2019 02:06 AM
ऐप पर पढ़ें

पलामू जिले के मेदिनीनगर शहर थाना में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के नेता वीरेन्द्र कुमार सिन्हा ने झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के विरुद्ध भाजपा एवं हिन्दू समाज के खिलाफ अनर्गल तथा आपत्तिजनक बयानबाजी करने का आरोप मढ़ते हुए प्राथमिकी कराई है। टाउन थाने के प्रभारी सह इंस्पेक्टर आनंद कुमार मिश्रा ने इसकी पुष्टि की है और इसकी जांच करने की बात कही है। श्री सिन्हा ने संबंधित आवेदन में कहा है कि सोरेन ने गत बुधवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की मौजूदगी में पाकुड़ की जनसभा में खुलेआम कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ युवतियों के चक्कर लगाते हैं। भाजपा वाले बहु-बेटियों को जलाते हैं, गेरुआ वस्त्र पहन कर उनसे बलात्कार करते हैं। आवेदन में हेमंत सोरेन के उक्त बयान को हिन्दू समाज और भाजपा के लिए अपमानजनक बताते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है। श्री सिन्हा ने हेमंत सोरेन के खिलाफ देशद्रोह, सामाजिक विद्वेष फैलाने, धार्मिक उन्माद फैलाने, सामाजिक समरसता बिगाड़ने व धर्मविशेष के लोगो के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने मामले में कार्रवाई करने का आग्रह किया है। प्राथमिकी के लिए आवेदन देने के वक्त श्री सिन्हा के साथ जिला अध्यक्ष नरेंद्र पांडेय, प्रेम सिंह, दुर्गा जौहरी, जिला पार्षद प्रमोद सिंह, शिव कुमार मिश्रा, अरविंद सिंह, अभिमन्यु तिवारी, उदय शुक्ला, प्रदीप सिन्हा, भोला सिंह आदि मौजूद थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें