
खाद्य पदार्थो में मिलावट विषयक किया गया जागरूकता कार्यक्रम
मेदिनीनगर के योध सिंह नामधारी महिला कॉलेज में खाद्य पदार्थों में मिलावट और इसके नुकसान के बारे में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी लव कुमार ने मिलावट के कारणों और रोकथाम के उपायों पर चर्चा की। प्राचार्य डॉ मोहिनी गुप्ता ने जागरूक उपभोक्ता की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
मेदिनीनगर, प्रतिनिधि। शहर के योध सिंह नामधारी महिला कॉलेज में खाद्य पदार्थो में मिलावट और इसके नुकसान को लेकर शनिवार को जागरूकता कार्यक्रम किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समुदाय को खाद्य मिलावट, उपभोक्ता अधिकारों तथा सुरक्षित खाद्य व्यवहार के प्रति जागरूक करना था। कॉलेज के गृह विज्ञान विभाग, एनएसएस और आईक्यूएसी सेल के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम किया गया। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी लव कुमार ने बतौर मुख्य वक्ता महिला कॉलेज की छात्राओं व शिक्षकों को खाद्य पदार्थो में मिलावट के कारणों, दुष्प्रभावों तथा रोकथाम के उपायों के बारे में गहनता से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुनाफाखोरी, अधिक डिमांड, सप्लाई सुनिश्चित करने तथा कीमत कम रखने का दबाव, आदि के कारण गुणवत्ता में कटौती करते हुए खाद्य पदार्थो में मिलावट की जाती है।
उन्होंने उपभोक्ताओं को सलाह दिया कि पैकेटबंद सामान खरीदें और उपसपर आईएसआई मार्क आदि जरूर देखें। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ मोहिनी गुप्ता ने कहा कि खाद्य मिलावट केवल स्वास्थ्य का विषय नहीं, बल्कि समाज की नैतिकता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी से जुड़ा व्यापक मुद्दा है। जागरूक उपभोक्ता ही सुरक्षित समाज की नींव है। छात्राओं ने बेकार वस्तुओं से बनाए गए चीजों को प्रदर्शित भी किया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण पीजी की छात्राओं एवं एनएसएस के स्वयंसेवकों द्वारा घरेलू स्तर पर मिलावट पहचान परीक्षणों का लाइव डेमो था। दूध, मसाले, तेल, हल्दी आदि में मिलावट पहचानने की सरल विधियां सभी के सामने प्रदर्शित की गई। जिससे लोग घर पर ही आसानी से मिलावट पहचानने के व्यावहारिक तरीके सीख सके। इस अवसर पर सभी शिक्षक और छात्राएं उपस्थित थी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




