Hindi NewsJharkhand NewsPalamu News18th Foundation Day of Nilambar-Pitambar University Celebrated with Honors and Youth Festival
एनपीयू का 18वां स्थापना दिवस आज, चुनौतियों को दूर करना जरूरी

एनपीयू का 18वां स्थापना दिवस आज, चुनौतियों को दूर करना जरूरी

संक्षेप:

पलामू के नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय का 18वां स्थापना दिवस शनिवार को मनाया जाएगा। सेवानिवृत शिक्षकों और NSS स्वयंसेवकों को सम्मानित किया जाएगा। युवा महोत्सव के अंतर्गत कई प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। कुलपति ने कहा कि यह आयोजन युवाओं की ऊर्जा और सृजनशीलता को समर्पित है।

Jan 16, 2026 10:26 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, पलामू
share Share
Follow Us on

मेदिनीनगर, प्रतिनिधि। पलामू के नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय का 18वां स्थापना दिवस शनिवार को मनाया जाएगा। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। स्थापना दिवस कार्यक्रम में एनपीयू से सेवानिवृत 25 शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही बेहतर कार्य करने वाले एनएसएस के स्वयंसेवक और पांच दिनों तक चले युवा महोत्सव में विजेता रहे प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। हालांकि एनपीयू में वैश्विक चुनौतियों के अनुरूप अध्यापन और रिसर्च कार्य सुनिश्चित करने लक्ष्य अब भी दूर बना हुआ है। 17 जनवरी 2009 को स्थापित एनपीयू का 25 एकड़ भूमि पर विकसित हो रहे कैंपस में प्रशासनिक भवन, सेंट्रल लाईब्रेरी, वीसी आवास में कार्य शुरू हो गया है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

कुलपति प्रो. डॉ दिनेश कुमार सिंह अपने सरकारी आवास में रहना शुरू कर चुके हैं। परंतु अकादमिक भवन में अभी भी सभी विभाग स्थानांतरित नहीं हो सके हैं। चुनौतियों को दूर करना बहुत जरूरी है। एनपीयू के डीएसडब्ल्यू डॉ एसके पांडेय ने बताया कि शनिवार को दिन के 11 बजे से जीएलए कॉलेज के ऑडिटोरियम में स्थापना दिवस समारोह शुरू होगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में तीसरा दीक्षांत समारोह भी संपन्न कराया गया। एनपीयू कैंपस में पानी और बिजली आपूर्ति भी बेहतर हो गई है। सत्र नियमित करने के लिए मार्च 2025 से अब तक 80 से अधिक परीक्षाओं का भी आयोजन किया गया। प्लेसमेंट सेल का भी गठन कर लिया गया है जो विद्यार्थियों को रोजगार दिलाने में मदद करने लगी है। स्थापना दिवस को रोचक बनाने के लिए युवा महोत्सव का भी आयोजन किया गया। महोत्सव के अंतिम दिन शुक्रवार विश्वविद्यालय सभागार में छात्र-छात्राओं के बीच एकल एवं समूह गायन, नाट्य प्रस्तुति, एकल एवं समूह नृत्य, लोक एवं जनजातीय कला प्रदर्शन की प्रतियोगिता हुई। कार्यक्रम का उदघाटन कुलपति ने किया। युवा महोत्सव का उदेश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल स्थापना दिवस का उत्सव नहीं है, बल्कि युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और सृजनशीलता को समर्पित एक विशेष अवसर है। महोत्सव का समापन शनिवार को समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण के साथ होगा।