Pakur News: वीबी-जी राम जी के क्रियान्वयन को लेकर कार्यशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
Pakur News: महेशपुर में बीडीओ डॉ़ सिद्धार्थ शंकर यादव की अध्यक्षता में विकसित भारत गारंटी रोजगार और आजीविका मिशन पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें अधिकारियों को योजनाओं के प्रावधानों और कार्य योजना तैयार करने का प्रशिक्षण दिया गया। बीडीओ ने टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण पर ध्यान देने की बात कही।
Pakur News: महेशपुर, एक संवाददाता। प्रखंड सह अंचल कार्यालय के सभागार में गुरूवार को बीडीओ डॉ़ सिद्धार्थ शंकर यादव की अध्यक्षता में विकसित भारत गारंटी रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) (वीबी-जी राम जी) के क्रियान्वयन को लेकर प्रखंड स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित बीपीओ, एई, जेई, मुखिया, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, मेट, जेएसएलपीएस कर्मी सहित अन्य कर्मियों को योजना के प्रावधानों, कार्य योजना तैयार करने, योजनाओं के अभिसरण और गुणवत्तापूर्ण परिसंपत्तियों के निर्माण को लेकर प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बीडीओ डॉ़ सिद्धार्थ शंकर यादव ने दीप प्रज्जवलित कर किया।
उपस्थित कर्मियों को प्रशिक्षक- प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी रिजवान फारूकी, सहायक अभियंता उत्तम वैद्य, कनीय अभियंता सुजीत कुमार मंडल ने योजना की कार्य प्रणाली, स्थानीय जरूरतों की पहचान और प्राथमिकता निर्धारण की जानकारी दी।
कार्यक्रम का उद्देश्य
बीडीओ डॉ़ सिद्धार्थ शंकर यादव ने उपस्थित अधिकारियों, मुखिया एवं कर्मियों को संबोधित करते हुए बताया कि पंचायत विकास योजना में योजनाओं की संख्या बढ़ाने के बजाय उपयोगी, गुणवत्ता पूर्ण एवं टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण पर देने को प्राथमिकता दिया जाए। उन्होंने एक ही तरह की योजनाओं की पुनरावृत्ति से बचने तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं के बीच बेहतर अभिसरण पर जोर दिया। बीडीओ ने कहा कि पंचायत को एक ईकाई मानकर उसके समग्र जरूरतों के आधार पर कार्ययोजना तैयारी की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि बेहतर योजना निर्माण से उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के साथ पंचायतों को सशक्त एवं स्वावलंबी बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही आजीविका संवर्धन से संबंधित कृषि, चारा उत्पादन, पशुपालन और महिलाओं व ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने वाली योजनाओं को प्राथमिकता देने की बात कही। बीडीओ ने मनरेगा, आजीविका मिशन, जल संरक्षण और स्वच्छ भारत मिशन की योजनाओं में अभिसरण कर बेहतर परिसंपत्तियां तैयार करने पर फोकस करने की बात कही। बीडीओ ने पंचायत प्रतिनिधियों एवं कर्मियों को प्लानिंग पहले, क्रियान्वयन बाद में, की सोच के साथ कार्य करने की सलाह दी। उन्होंने ग्रामीण आधारभूत संरचना के विकास के साथ ऐसी टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण पर जोर दिया, जिनसे जल संरक्षण व आजीविका को भी बढ़ावा मिले।

