सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत, एक गंभीर रूप से जख्मी
Feb 28, 2026 04:45 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, पाकुड़
महेशपुर में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय प्रवीण हेम्ब्रम की मौत हो गई, जबकि उसका साथी 21 वर्षीय सुभाषटेन हेम्ब्रम गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक महेशपुर से अपने घर लौट रहे थे, तभी उनकी मोटरसाइकिल की ट्रैक्टर से जोरदार टक्कर हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
महेशपुर, एक संवाददाता। महेशपुर-गुम्मामोड़ मुख्य सड़क पर बलियाडंगाल गांव के समीप शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों में एक युवक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मृतक की पहचान दुमका जिला अंतर्गत गोपीकांदर थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव निवासी 19 वर्षीय प्रवीण हेम्ब्रम के रूप में हुई है। वहीं जख्मी युवक की पहचान उसी गांव के 21 वर्षीय सुभाषटेन हेम्ब्रम के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रवि शर्मा एवं एसआई दीपक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। घायल युवक को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, महेशपुर लाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पाकुड़ के सोनाजोड़ी अस्पताल रेफर कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों युवक महेशपुर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बलियाडंगाल गांव के पास घुमावदार सड़क पर विपरीत दिशा से आ रहे बालू लदे ट्रैक्टर से उनकी मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर हो गई। स्थानीय ग्रामीण बताते हैं कि मोटरसाइकिल तेज रफ्तार से आई और विपरीत दिशा से आ रही ट्रैक्टर के सामने आ गई। इस दौरान दोनों ने वहां पर संतुलन पाने का प्रयास किया परंतु मोटरसाइकिल असंतुलित होकर ट्रैक्टर के ट्राली वाले पहिए में जाकर घुस गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रवीण हेम्ब्रम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुभाषटेन हेम्ब्रम गंभीर रूप से जख्मी हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पाकुड़ भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल एवं ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है तथा पूरे मामले की जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanहिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


