पेनम लिंक रोड पर हादसे में नवविवाहित युवक की मौत, घंटों ठप रही यातायात व्यवस्था
हिरणपुर में पेनम लिंक रोड पर तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से 19 वर्षीय विविन हेम्ब्रम की मौत हो गई। घटना के बाद चालक फरार हो गया, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन से मुआवजे और सख्त कार्रवाई की मांग की। जाम को हटाने के बाद शव का पोस्टमार्टम किया गया।

हिरणपुर। पेनम लिंक रोड पर तेज रफ्तार और अनियंत्रित भारी वाहनों का कहर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। थाना क्षेत्र के सिमलढाब गांव के पास शनिवार को सड़क पार कर रहे 19 वर्षीय युवक विविन हेम्ब्रम की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने पेनम लिंक रोड को जाम कर प्रशासन और कोल कंपनियों के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया जाए और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई हो।
करीब 9 से 10 घंटे तक चले सड़क जाम के कारण यातायात पूरी तरह ठप रहा। जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर हिरणपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कोल कंपनी डीबीएल के प्रतिनिधियों द्वारा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिए जाने के बाद दोपहर करीब 3 बजे जाम हटाया जा सका। जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनाजोड़ी सदर अस्पताल भेज दिया है और अज्ञात वाहन के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि मृतक की शादी मात्र एक माह पहले ही हुई थी। जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




