Pakur News: आवारा कुत्तों का बढ़ा आतंक, परेशान व भयभीत हैं ग्रामीण
Pakur News: महेशपुर प्रखंड क्षेत्र में आवारा और हिंसक कुत्तों का आतंक बढ़ गया है। 28 सितंबर को एक पागल कुत्ते ने कई लोगों और मवेशियों को जख्मी कर दिया था। ग्रामीणों ने इसे मार डाला, लेकिन अब भी ऐसी कुत्तों का झुंड लोगों पर हमला कर रहा है। बच्चों और पालतू पशुओं को खतरा बना हुआ है।
Pakur News: महेशपुर, एक संवाददाता। महेशपुर प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों आवारा एवं हिंसक कुत्तों का आतंक काफी बढ़ गया है। जिस वजह से न सिर्फ अभिभावक बल्कि पशुपालक व राहगीर भी भयभीत नजर आ रहे हैं। उल्लेखनीय है कि विगत 28 सितंबर को एक पागल कुत्ते ने प्रखंड के कई गांवों के दो दर्जन से अधिक महिला, पुरूष व बच्चों तथा मवेशियों को काटकर बुरी तरह जख्मी कर दिया था। हालांकि कुत्ते के आतंक से आक्रोशित ग्रामीणों ने अंतत: उसे पीट-पीटकर मार डाला। पर वर्तमान में भी महेशपुर से सीलमपुर तथा सीलमपुर से महेशपुर मुख्य सड़क पर आवारा व हिंसक कुत्तों का आतंक काफी बढ़ गया है। ऐसे कुत्ते लगभग 7 से 35 एक साथ झुंड बनाकर घूमते हैं। इतने बड़े झुंड को रास्ते में देखकर कोई भी राहगीर खौफ से कांप उठता है।
आवारा कुत्तों का हमला
हालत यह है कि यह झुंड अकेले लोगों, मोटरसाइकिल व साइकिल सवारों और मासूम बच्चों को घेरकर हमला कर देते हैं। ये कुत्ते न सिर्फ इंसानों पर झपट रहे हैं, बल्कि गांव के पालतू पशुओं को भी निशाना बना रहे हैं। हाल ही में सीलमपुर गांव से चार बकरियां गायब हो चुकी हैं। ग्रामीणों ने मिली जानकारी के अनुसार उन्होंने खुद इन्हीं खूंखार कुत्तों के झुंड द्वारा बकरियों को नोच-नोचकर खाते हुए देखा है।
बच्चों का खतरा
सबसे ज्यादा दुखद बात यह है कि नन्हे-मुन्ने बच्चे इस झुंड का आसानी से शिकार बन रहे हैं। बच्चों की दर्दभरी चीखें और उनके चेहरे पर छाया खौफ देखकर किसी का भी दिल दहल उठे। मोटरसाइकिल सवार लोग इस झुंड के झपटने से घबराकर गिर रहे हैं और गंभीर रूप से चोटिल हो रहे हैं। यह सिलसिला थमने का नाम ही नहीं ले रहा।
ग्रामीणों की गुहार
ग्रामीणों ने वन विभाग से इन आवारा व हिंसक कुत्तों से आम लोगों, मवेशियों, राहगीरों व बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए कुत्तों को पकड़ने की गुहार लगाई है। सीलमपुर निवासी अशराफुल शेख ने बताया कि ऐसे कुत्तों को वन विभाग के द्वारा पकड़ लिए जाने से आम लोगों को राहत मिलेगी।


