
एलीट पब्लिक स्कूल में मनाया शिक्षक दिवस
संक्षेप: पाकुड़ के एलीट पब्लिक स्कूल में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसमें डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि दी गई। छात्रों ने नृत्य, गायन और कविता...
पाकुड़। एलीट पब्लिक स्कूल में शिक्षक दिवस बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। जो ज्ञान, उजाला और संस्कृति का प्रतीक माना जाता है। इसके उपरांत भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पुष्पांजलि दी गई। इस भावपूर्ण क्षण ने शिक्षक दिवस के महत्व को और भी गहरा कर दिया। इसके बाद छात्रों द्वारा केक काटकर शिक्षक दिवस मनाया। कार्यक्रम में छात्रों ने नृत्य, गायन, कविता और नाटक जैसी विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर शिक्षकों के प्रति अपने प्रेम और आदर को दर्शाया।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने अपने प्रिय शिक्षकों को स्मृति-चिह्न (गिफ्ट) भेंट कर उनका सम्मान किया। शिक्षकों के चेहरे पर मुस्कान और बच्चों की खुशी ने इस दिन को और भी खास बना दिया। साथ ही विद्यालय प्रबंधन की ओर से भी सभी शिक्षकों को सम्मानस्वरूप उपहार प्रदान किए गए, जिससे शिक्षक भावविभोर हो उठे। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य अभिजीत रॉय ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि एक शिक्षक सिर्फ पाठ नहीं पढ़ाता, बल्कि वह जीवन की राह दिखाता है। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार भी आत्मसात करें। उन्होंने छात्रों को प्रेरणा देते हुए कहा कि शिक्षक सिर्फ पठन-पाठन का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन निर्माण के मार्गदर्शक होते हैं। वहीं सह-निदेशक अनुपम आनंद ने बच्चों को जीवन में अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच को अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस केवल उत्सव नहीं, यह उन गुरुओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का दिन है जिन्होंने हमें आकार दिया। हमें अपने शिक्षकों के योगदान को सदैव याद रखना चाहिए और उनके दिखाए रास्ते पर चलना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी शिक्षकों और छात्रों को इस आयोजन की सफलता के लिए धन्यवाद दिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




