शबरी के सिर सजा पाकुड़ नगर का ताज, 2353 मत से सेलीना को हराया
पाकुड़ नगर परिषद अध्यक्ष पद के चुनाव में शबरी पाल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 2353 मतों के अंतर से पराजित किया। कुल 24,627 मतदाताओं में से 22,834 मत वैध पाए गए। उन्होंने 7816 मत प्राप्त किए। जीत के बाद समर्थकों में खुशी का माहौल है और उन्होंने विकास के लिए कई वादे किए हैं।

पाकुड़, प्रतिनिधि। पाकुड़ नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव का परिणाम घोषित कर दिया गया है। मतगणना के बाद शबरी पाल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को बड़े अंतर से पराजित करते हुए जीत दर्ज की। निर्वाचन कार्यालय से जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार कुल 24,627 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 22,834 मत वैध पाए गए, जबकि 1,793 मतपत्र रद्द घोषित किए गए। भाजपा से बागी हो कर चुनावी मैदान में उतरी शबरी पाल को कुल 7,816 मत प्राप्त हुए, जो सभी प्रत्याशियों में सर्वाधिक है। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी शेख सेलीना सुल्ताना (5,463 मत) को 2,353 मतों के अंतर से पराजित किया।
भाजपा समर्थित प्रत्याशी सम्पा साहा तीसरे स्थान पर रही। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। शहर के विभिन्न इलाकों में समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और अबीर-गुलाल लगाकर जीत का जश्न मनाया। जीत के उपरांत नवनिर्वाचित नगर परिषद अध्यक्ष सबरी पाल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह जीत नगर परिषद क्षेत्र की जनता की जीत है। उन्होंने कहा कि मेरी पहली प्राथमिकता शहर में पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कराना है। कहा कि जनता ने मुझे मौका दिया है और चुनाव से पहले मैंने जो भी वादे किए थे, उसे जल्द से जल्द पूरा करना उनका लक्ष्य है। वहीं अन्य प्रत्याशियों ने भी मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया का सम्मान किया। चुनाव परिणाम के साथ ही अब शहरवासियों की निगाहें नवनिर्वाचित अध्यक्ष पर टिक गई हैं, जिनसे विकास, साफ-सफाई, सड़क, जलनिकासी और बुनियादी सुविधाओं को लेकर बड़ी उम्मीदें जुड़ी हैं। पाकुड़ नगर परिषद अध्यक्ष पद के प्रत्याशी को प्राप्त मत:- 1. शबरी पाल:-7816 2. शेख सलीना सुल्ताना:-5463 3. सम्पा साहा:-3730 4. सीमा सोनी भगत:-1138 5. रीता देवी:- 1040 6. मोनीता कुमारी:-1034 7. पूनम देवी:-949 8. मीता पांडे:-589 9. ज्योति दुबे:-584 10. मुकुल भट्टाचार्य:-491 कुल वोटिंग:-24627 वैध मतपत्र:-22834 रद्द मतपत्र:-1793 जीत के बाद उत्साह का सैलाब, निकला भव्य विजय जुलूस पाकुड़। नगर परिषद अध्यक्ष पद के परिणाम घोषित होते ही समर्थक जश्न को माहौल में डूब गए। अध्यक्ष पद पर भाजपा की बागी/निर्दलीय प्रत्याशी शबरी पाल ने 2353 मतों के अंतर से शानदार जीत दर्ज की है। जीत की आधिकारिक घोषणा होते ही समर्थकों का हुजूम सड़कों पर उतर आया और विजयी भव के नारों से सड़कें गूंज उठी। शहर के धनुषपूजा के मुख्य सड़क पर वार्ड नंबर एक से समर्थकों में जीत की खुशी शुरु हुई। अबीर गुलाल लगाकर जीत की खुशी मनाया। कहीं महिलाएं थाली में दीप सजाकर और मिठाई लेकर आरती उतारती दिखीं, तो कहीं जीत की खुशी में तिलक लगाकर स्वागत किया गया।जुलूस जिस रास्ते से भी गुजरा, छतों और गलियों से समर्थकों ने फूलों की बारिश कर प्रत्याशी का अभिनंदन किया। आसमान आतिशबाजी के रंगों से भर गया और ढोल-नगाड़ों की थाप पर समर्थक झूमते नजर आए। चाक-चौबंद रही सुरक्षा व्यवस्था, डीसी-एसपी ने संभाला मोर्चा पाकुड़ प्रतिनिधि। नगर परिषद चुनाव की मतगणना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रही। पूरे परिसर में कड़ी बैरिकेडिंग की गई थी और मतगणना हॉल तक जाने के लिए अलग से नियंत्रित मार्ग बनाया गया था। बिना अनुमति किसी को भी अंदर प्रवेश की इजाजत नहीं थी। मतगणना केंद्र के बाहर सड़कों पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु रखा गया। जिससे आम लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। डीसी मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी मौके पर सुबह से मौजूद रहकर पूरी व्यवस्था की निगरानी कर रहे थे। वे पल-पल की स्थिति पर नजर बनाए हुए थे और आवश्यक निर्देश देते रहे। प्रशासन की सतर्कता और मुस्तैदी के कारण मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। मौके पर एसडीपीओ डीएन आजाद, एसडीपीओ विजय कुमार, प्रशिक्षु डीएसपी अजय आर्यन भी मुस्तैदी से तैनात रहे। पाकुड़ बना राज्य भर में सबसे पहले परिणाम घोषित करने वाला जिला - 12 मार्च को अध्यक्ष व पार्षदों का होगा शपथ ग्रहण... पाकुड़, प्रतिनिधि। नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 की मतगणना का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। पाकुड़ जिला राज्य भर में सबसे पहले परिणाम घोषित करने वाला जिला बना। यहां आठ बजे से मतगणना का कार्य शुरू हुआ और 12 बजे तक मतगणना का कार्य समाप्त भी गया। इतना ही नहीं सभी विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्रों का भी वितरण कर दिया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र के अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद पदों की मतगणना शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। सभी विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई। उन्होंने आगे बताया कि उपाध्यक्ष का चुनाव अप्रत्यक्ष रूप से निर्धारित तिथि को संपन्न कराया जाएगा तथा उससे पूर्व विजयी अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों का 12 मार्च को शपथ ग्रहण कराया जाएगा। उपायुक्त ने निर्वाचन कार्य में जुड़े सभी निर्वाची पदाधिकारियों (आरओ), सहायक निर्वाची पदाधिकारियों (एआरओ), उप निर्वाचन पदाधिकारी, आरओ टीम, विभिन्न कोषांगों के वरीय एवं सहयोगी पदाधिकारी, बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर, कर्मचारियों, पाकुड़ की जनता, पुलिस बल, होमगार्ड एवं चौकीदारों, मेडिकल टीमों, शिक्षकों, मास्टर ट्रेनर्स, मीडिया प्रतिनिधियों, मतदान दल, मतगणना एजेंट, तकनीकी टीम, चेकनाका पर तैनात एसएसटी एवं एफएसटी, सर्किट हाउस के कर्मचारियों, ड्राइवरों, कंप्यूटर ऑपरेटरों, वाहन चालकों तथा निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी कार्मिकों के प्रति विशेष धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के समन्वित प्रयास, कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण के कारण ही निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सकी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


