वज्रपात से महिला किसान की मेहनत राख, डेढ़ एकड़ का फूस जलकर खाक
पाकुड़िया के डहर टोला में तेज आंधी और वज्रपात के कारण महिला किसान बबीता सोरेन का फूस का ढेर जलकर नष्ट हो गया। बबीता ने बताया कि इस घटना से उन्हें लगभग 25 से 30 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से राहत की मांग की है ताकि वह इस संकट से उबर सकें।

पाकुड़िया, एक संवाददाता। पाकुड़िया प्रखंड क्षेत्र के मोंगलाबांध पंचायत अंतर्गत डहर टोला में शनिवार देर शाम आई तेज आंधी और वज्रपात ने एक महिला किसान की महीनों की मेहनत को पलभर में राख में बदल दिया। वज्रपात की चपेट में आने से किसान बबीता सोरेन के डेढ़ एकड़ खेत में रखा फूस का पूरा ढेर जलकर नष्ट हो गया। पीड़िता बबीता सोरेन ने बताया कि शनिवार शाम करीब 7 बजे अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ वज्रपात शुरू हो गया। इसी दौरान बिजली सीधे फूस के ढेर पर गिर गई, जिससे उठी चिंगारी ने सूखे फूस को तुरंत आग की लपटों में बदल दिया।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर पूरे ढेर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन टोला में पानी की भारी कमी बड़ी बाधा बनी। सीमित संसाधनों के कारण आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका और रविवार सुबह लगभग 10 बजे तक भी धधकती आग से धुआं उठता रहा। किसान बबीता सोरेन ने बताया कि धान की कटाई के बाद फूस बेचकर बरसात के दिनों में घर चलाने की योजना थी, लेकिन इस हादसे ने सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। डेढ़ एकड़ फूस की कीमत बाजार भाव के अनुसार लगभग 25 से 30 हजार रुपये आंकी जा रही है, जो उनके लिए बड़ी आर्थिक क्षति है। हालांकि ग्रामीणों की सतर्कता से आग को आसपास फैलने से रोक लिया गया, वरना पास की झोपड़ियां भी इसकी चपेट में आ सकती थीं। फिलहाल ग्रामीण बारी-बारी से मौके पर निगरानी कर रहे हैं ताकि आग पूरी तरह बुझ सके। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित महिला किसान को आपदा राहत कोष से शीघ्र मुआवजा प्रदान किया जाए, ताकि वह इस संकट से उबर सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


