आंधी से चेक पोस्ट ध्वस्त, पुनर्निर्माण का आश्वासन
पाकुड़िया प्रखंड में बेनाकुड़ा स्थित चेक पोस्ट तेज आंधी में पूरी तरह ध्वस्त हो गया। रात 09:00 बजे आई आंधी ने चेक पोस्ट को गंभीर नुकसान पहुंचाया। दंडाधिकारी सुभाष चंद्र यादव ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पुनर्निर्माण का आश्वासन दिया। स्थानीय लोगों ने जल्दी कार्य शुरू करने की मांग की है।

पाकुड़िया। पाकुड़िया प्रखंड अंतर्गत अंतर्राज्यीय सीमा को जोड़ने वाला बेनाकुड़ा में स्थित चेक पोस्ट गुरुवार देर रात आई तेज आंधी में पूरी तरह ध्वस्त हो गया। रात करीब 09:00 बजे आई इस आंधी ने चेक पोस्ट को बुरी तरह नुकसान पहुंचाया, जिससे पूरा ढांचा गिरकर जमीन पर बिखर गया। शुक्रवार सुबह जब दंडाधिकारी सुभाष चंद्र यादव मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि चेक पोस्ट पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर गिरा पड़ा है। इसके बावजूद उन्होंने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए कड़ी धूप में खड़े रहकर सुबह से दोपहर 2 बजे तक ड्यूटी की। बताया जाता है कि घटना की सूचना दंडाधिकारी सुभाष चंद्र यादव द्वारा तुरंत थाना प्रभारी एवं अंचल पदाधिकारी को दी गई।
इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी सोमनाथ बनर्जी एवं थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने बताया कि ध्वस्त चेक पोस्ट का जल्द ही पुनर्निर्माण कराया जाएगा। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सीमा पर निगरानी व्यवस्था को शीघ्र ही पुनः सुचारू कर दिया जाएगा। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन के इस आश्वासन का स्वागत करते हुए जल्द कार्य शुरू करने की मांग की है, ताकि आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


