Pakur News: ससमय विद्यालय आने पर छात्र-छात्राएं सम्मानित
Pakur News: महेशपुर में एक विद्यालय ने बच्चों की समय पर उपस्थिति और नियमित विद्यालय आने के लिए विशेष पहल की। शुक्रवार को, दस छात्रों को सम्मानित किया गया जो समय पर विद्यालय पहुंचे। यह प्रयास अन्य छात्रों को भी प्रेरित करेगा कि वे नियमित रूप से विद्यालय आएं और शिक्षा के प्रति रुचि रखें।

Pakur News: महेशपुर, एक संवाददाता। विद्यालय में बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति, समय पर तथा नियमित विद्यालय आने तथा शिक्षा के प्रति विद्यार्थियों को प्रेरित करने को लेकर विद्यालयों में शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा कई पहल किए जा रहे हैं। उसी के तहत शुक्रवार को विद्यालय के निर्धारित समय से पुर्व तथा नियमित विद्यालय पहुंचने वाले दस छात्र-छात्राओं को फूल देकर प्रोत्साहित व सम्मानित किया गया। प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय सोहबील के प्रभारी प्रधानाध्यापक मो. जमालोद्दीन मंडल, सहायक अध्यापक मो. रविदास शेख, सौदागर शेख तथा सहायक आचार्य तबरेज अली ने शुक्रवार को समय से पुर्व विद्यालय पहुंचने वाले दस छात्र-छात्राओं, कक्षा एक के अबू जान, अकमाम शेख, रेशमा सुल्ताना, शबनम खातुन, कक्षा दो के जुनैद शेख, कक्षा छ: के मो.खैरूल शेख, सामिउल शेख, साहिबुद्दीन शेख, कक्षा आठ की रनिशा खातुन, ईशान शेख को फूल देकर प्रोत्साहित व सम्मानित किया।
इससे छात्र-छात्राओं में खुशी का माहौल दिखा। इस संबंध में जानकारी देते हुए विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मो. जमालोद्दीन मंडल ने बताया कि इससे विद्यालय के और दूसरे छात्र-छात्राओं के बीच नियमित व समय पर विद्यालय आने की प्रेरणा मिलती है। साथ ही विद्यालय में शिक्षा ग्रहण करने के प्रति भी रुचि उत्पन्न होती है।


