
पेवर ब्लॉक निर्माण में अनियमितता उजागर
हिरणपुर में कमलघाटी से बेसिक स्कूल तक जाने वाली सड़क पर बनाए गए 54 लाख रुपए के पेवर ब्लॉक में लापरवाही और अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। निर्माण के कुछ ही दिन बाद पेवर ब्लॉक उखड़ने लगे हैं। ग्रामीणों ने गुणवत्ता जांच की मांग की है। विभागीय अभियंता ने स्थल को जल्द ठीक करने का आश्वासन दिया है।
हिरणपुर। कमलघाटी से बेसिक स्कूल तक जाने वाली मुख्य सड़क किनारे निर्माण हुए पेवर ब्लॉक का काम अब सवालों के घेरे में है। बताया जाता है कि लगभग 54 लाख रुपए की लागत से बनाए गए इस पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य में बड़े पैमाने पर लापरवाही और अनियमितता बरती गई है। निर्माण पूरा हुए अभी कुछ ही दिन हुए थे। लेकिन पेवर ब्लॉक कुछ जगहों से उखड़ने लगे हैं। कई हिस्सों में बने गैप यह साबित करते हैं कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया गया। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि वे निर्माण के दौरान ही अनियमितता को लेकर बातें रखे थे।
इसके बावजूद विभागीय कर्मियों ने शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया। जिसके कारण काम की गुणवत्ता बेहद कमजोर रही। ग्रामीणों ने ये भी आरोप लगाया कि पेवर ब्लॉक बिछाने से पहले जिस सॉलिड बेस और उचित लेवलिंग की जरूरत होती है, उसी कार्य को नजरअंदाज किया गया है। न तो सही तरह से सबग्रेड और सबबेस तैयार किया गया और न ही पेवर को टिकाऊ बनाने के लिए आवश्यक रोलिंग और कम्पैक्शन किया गया। इसके कारण हल्का दबाव पड़ते ही पेवर ब्लॉक अपनी जगह से हटने लगे हैं। और कई जगह हल्की-फुल्की धंसाव भी दिखने लगी है। उन्होंने विभाग से पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच की मांग की है। इस बाबत विभाग के कार्यपालक अभियंता वीर राघवन से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि जल्द ही खराब हुए स्थल को ठीक करा दिया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




