उपायुक्त ने मांगी कारा सुरक्षा की अद्यतन ऑडिट रिपोर्ट
पाकुड़ में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला कारा सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में काराधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों की संख्या और कारा की स्थिति पर चर्चा की। उपायुक्त ने सुरक्षा ऑडिट, अवैध वस्तुओं की रोकथाम और महिला बंदियों के लिए सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
पाकुड़, प्रतिनिधि समाहरणालय सभागार में आज उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला कारा सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक, काराधीक्षक, संबंधित विभागीय पदाधिकारी एवं सुरक्षा प्रभारियों ने भाग लिया। बैठक में काराधीक्षक द्वारा कारा की अद्यतन स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों की संख्या, प्रशिक्षण गतिविधियों तथा विभिन्न सुरक्षा बिंदुओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई। कारा सुरक्षा ऑडिट की समीक्षा के उपरांत काराधीक्षक द्वारा रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि कारा सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी निर्देशों का शत- प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सुरक्षा ऑडिट से संबंधित पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों की समीक्षा की तथा नवीनतम ऑडिट रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कारा परिसर में अवैध वस्तुओं की रोकथाम के लिए तलाशी अभियान को और कड़ा करने का निर्देश दिया। सभी सुरक्षा पोस्ट, बैरक और मुख्य द्वार की नियमित एवं बारीकी से चेकिंग सुनिश्चित करने को कहा गया। उच्च स्तरीय निगरानी के लिए विशेष तलाशी दल गठित करने का प्रस्ताव स्वीकृत हुआ। बैठक में न्यायालय द्वारा कारा की इनह्यूमन कंडीशन्स से संबंधित निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई। मॉडल जेल मैन्युअल-2016 के मानकों के अनुरूप नया कारा भवन निर्माण हेतु भूमि चिन्हित करने का कार्य प्रगति पर है। काराधीक्षक ने बताया कि मंडल कारा, पाकुड़ में कुल 06 वॉच टावर अनुमोदित हैं। सुरक्षा की दृष्टि से इन सभी टावरों पर जिला बल की प्रतिनियुक्ति को अत्यंत आवश्यक माना गया। बैठक में महिला बंदियों एवं उनके साथ रहने वाले बच्चों के लिए विशेष चिकित्सकीय देखभाल, पौष्टिक आहार, स्वच्छ पेयजल, स्वच्छ एवं सुरक्षित शौचालय, प्ले-एरिया, विश्राम कक्ष जैसी सुविधाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। काराधीक्षक को यह भी निर्देश दिया गया कि संसीप्त बंदियों की समय पर चिकित्सा, भोजन एवं पेयजल व्यवस्था, रात्रि चौकसी तथा हाई-रिस्क बंदियों की कड़ी निगरानी सुनिश्चित की जाए। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि कारा प्रशासन सभी सुरक्षा मानकों का पूरी कठोरता से पालन सुनिश्चित करे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नियमित निगरानी ज़रूरी है और किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। फोटो संख्या - 06 - कारा सुरक्षा समीति की बैठक में उपस्थित पदाधिकारी


