Pakur News: पाकुड़िया में 16 घंटे विद्युत आपूर्ति ठप रहने से लोग हलकान
Pakur News: पाकुड़िया, एक संवाददाता। पाकुड़िया में 16 घंटे विद्युत आपूर्ति ठप रहने से लोग हलकान पाकुड़िया में 16 घंटे विद्युत आपूर्ति ठप रहने से लोग हलकान

Pakur News: प्रखंड क्षेत्र में रविवार रात करीब 9:30 बजे से सोमवार दोपहर 2:00 बजे तक करीब 16 घंटे बिजली आपूर्ति ठप रहने से आम लोगों के साथ-साथ व्यवसायिक गतिविधियां भी बुरी तरह प्रभावित हुईं। रविवार रात हुई झमाझम बारिश के बाद बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जबकि क्षेत्र में न तो तेज हवा चली और न ही किसी तरह का तूफान आया। इसके बावजूद करीब 16 घंटे तक बिजली नहीं रहने से लोगों में नाराजगी देखने को मिली। लंबे समय तक बिजली नहीं रहने के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ा। घरों में पंखे-कूलर बंद रहने के साथ पानी की मोटर नहीं चलने से पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित रही। बिजली गुल रहने का सीधा असर टोटो चालकों और छोटे दुकानदारों पर भी पड़ा। टोटो चार्ज नहीं होने के कारण कई टोटो सड़क पर नहीं निकल सके, जिससे चालकों की आमदनी प्रभावित हुई। वहीं कई दुकानों में बिजली के अभाव में जरूरी कामकाज प्रभावित रहा।
बिजली आपूर्ति में बाधाएँ
ऑनलाइन सेंटर और प्रज्ञा केंद्र में भी बिजली नहीं रहने के कारण ऑनलाइन आवेदन, प्रमाण पत्र, प्रिंटिंग, फोटोकॉपी सहित अन्य डिजिटल सेवाएं प्रभावित हुईं। बिजली पर निर्भर लोगों को अपने जरूरी कार्यों के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा।इसके अलावा घरों और दुकानों में लगे इन्वर्टर भी लंबे समय तक चलने के बाद डिस्चार्ज होकर बंद हो गए, जिससे मोबाइल चार्ज करने और अन्य जरूरी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चलाने में भी लोगों को परेशानी हुई। विद्यार्थियों की पढ़ाई, ऑनलाइन काम और छोटे व्यवसायों पर भी इसका असर पड़ा।स्थानीय लोगों के अनुसार, रविवार रात 9:30 बजे बिजली गुल होने के बाद सोमवार दोपहर करीब 2:00 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई। करीब 16 घंटे बाद बिजली आने पर लोगों ने राहत की सांस ली। लोगों का कहना है कि महज झमाझम बारिश के बाद इतनी लंबी अवधि तक बिजली आपूर्ति बाधित होना चिंता का विषय है।


