संपत्तिमूलक अपराधिक घटनाओं का करें त्वरित उद्भेदन: एसपी
पाकुड़ में पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी हुई। सभी थाना प्रभारियों को लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और अपराध नियंत्रण के लिए दिशा-निर्देश दिए गए। अप्रैल में 76 कांडों के मुकाबले 82 का निष्पादन हुआ। बाल विवाह, नशामुक्ति और सड़क सुरक्षा पर जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।

पाकुड़, प्रतिनिधि। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को मासिक अपराध गोष्ठी सह समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन तथा अपराध नियंत्रण को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि अप्रैल माह में दर्ज 76 कांडों के विरुद्ध कुल 82 कांडों का निष्पादन किया गया है। शेष लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए उन्हें शीघ्र निष्पादित करने का निर्देश दिया गया। लूट, डकैती, चोरी, गृहभेदन एवं छिनतई जैसे संपत्तिमूलक अपराधों के त्वरित उद्भेदन एवं निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया। अपराध नियंत्रण के लिए थाना गश्ती एवं टाइगर मोबाइल को अधिक सक्रिय करते हुए रात्रि सघन जांच अभियान चलाने का आदेश दिया गया।
वहीं बाल विवाह, नशामुक्ति, मानव तस्करी, साइबर अपराध, महिला अत्याचार एवं सड़क सुरक्षा को लेकर स्कूल-कॉलेजों और बाजार क्षेत्रों में नियमित जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए जिला परिवहन पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर नियमित वाहन जांच अभियान चलाने, हेलमेट, सीट बेल्ट, रजिस्ट्रेशन एवं इंश्योरेंस की जांच करने तथा ड्रंक एंड ड्राइव के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। सड़क दुर्घटना पीड़ितों एवं आश्रितों को समय पर मुआवजा दिलाने हेतु भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में सक्रिय अपराधियों पर सीसीए एक्ट के तहत कार्रवाई करने, दागी एवं निगरानी पंजी को अद्यतन रखने तथा उदंड प्रवृत्ति के लोगों पर सतत निगरानी रखने का आदेश दिया गया। न्यायालय में लंबित मामलों में अनुसंधानकर्ताओं एवं गवाहों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने थाना में आने वाले शिकायतकर्ताओं के साथ शालीन व्यवहार करने तथा उनकी समस्याओं का विधिसम्मत समाधान करने पर बल दिया। आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए शांति समिति की बैठक, फ्लैग मार्च, मॉक ड्रिल एवं संवेदनशील स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था करने का निर्देश भी दिया गया। बैठक के दौरान उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों को सीसीए एक्ट के संबंध में प्रशिक्षण भी दिया गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


