
हिरणपुर में बनेगा पर्यटन विभाग की ओर से आकर्षक सेल्फी प्वाइंट
हिरणपुर प्रखंड में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एक नया सेल्फी पॉइंट बनाया जाएगा। यह जगह प्रमुख ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक स्थलों की झलक प्रस्तुत करेगी। इस योजना का उद्देश्य स्थानीय पहचान को सशक्त करना और पर्यटन के प्रति जागरूकता फैलाना है। निर्माण कार्य जल्द ही शुरू होगा।
हिरणपुर, एसं। प्रखंड में पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक नई पहल की जा रही है। पर्यटन विभाग द्वारा लोगों में पर्यटन की भावना विकसित करने और स्थानीय पहचान को सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रखंड के प्रमुख सुभाष चौक के समीप एक आकर्षक सेल्फी प्वाइंट का निर्माण कराया जाएगा। लगभग चार लाख रुपये की अनुमानित लागत से तैयार होने वाले इस सेल्फी पॉइंट में हिरणपुर प्रखंड के प्रमुख ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक स्थलों की झलक को उकेरा जाएगा एवं सूचनाएं अंकित की जाएंगी। जिला पर्यटन पदाधिकारी राहुल कुमार के अनुसार उपायुक्त मनीष कुमार के पहल पर इस सेल्फी प्वाइंट का निर्माण कराया जा रहा है।

जिसका मुख्य उद्देश्य स्थानीय लोगों में पर्यटन को लेकर जागरूकता फैलाना और प्रखंड की सांस्कृतिक विरासत को आमजन तक पहुंचाना है। वहीं यह स्थान आगंतुकों और पर्यटकों के लिए सेल्फी व फोटो खींचने का आकर्षक स्थल बनेगा। “पर्यटन विभाग द्वारा यह योजना क्षेत्र के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ पर्यटन को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक सार्थक कदम है। इससे न केवल स्थानीय लोग गर्व महसूस करेंगे बल्कि बाहर से आने वाले पर्यटकों को भी हिरणपुर के इतिहास और संस्कृति से परिचित होने का अवसर मिलेगा। स्थानीय ग्रामीणों ने भी इस योजना का स्वागत किया है। उनका कहना है कि सुभाष चौक पर सेल्फी प्वाइंट बनने से मुख्यालय की छवि निखरेगी। साथ ही युवाओं में अपने क्षेत्र के प्रति गर्व की भावना बढ़ेगी। जानकारी के अनुसार निर्माण कार्य की स्वीकृति मिल गई है। जल्द ही कार्य की शुरुआत भी की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




