राष्ट्रीय युवा दिवस पर पोषण किट वितरण सह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Jan 13, 2026 12:52 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, पाकुड़
share Share
Follow Us on

पाकुड़ में राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत पोषण किट वितरण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपायुक्त मनीष कुमार ने टीबी पर जागरूकता बढ़ाते हुए कहा कि यह लाइलाज बीमारी नहीं है। उन्होंने टीबी मरीजों को सरकार द्वारा दी जा रही पोषण सहायता की जानकारी दी और बच्चों की सुरक्षा पर जोर दिया।

राष्ट्रीय युवा दिवस पर पोषण किट वितरण सह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

पाकुड़, प्रतिनिधि। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर प्रोजेक्ट जागृति के तहत राष्ट्रीय यक्ष्मा उन्मूलन कार्यक्रम अंतर्गत टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत पुराना सदर अस्पताल परिसर में पोषण किट वितरण सह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त मनीष कुमार, उपाधीक्षक सदर अस्पताल डॉ. मनीष कुमार, जिला भीवीडी पदाधिकारी डॉ. अमित कुमार, रेड क्रॉस सचिव डॉ कुणाल कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय युवा दिवस युवाओं को आत्मबल, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का संदेश देता है। स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी हमारे लिए मार्गदर्शक हैं।

उन्होंने कहा था उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए। यही मंत्र हर चुनौती से लड़ने की शक्ति देता है। उपायुक्त ने टीबी पर जागरूकता फैलाते हुए कहा कि टीबी कोई लाइलाज बीमारी नहीं है। टीबी आपको नहीं हरा सकती, बल्कि आप टीबी को हरा सकते हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि जीवन में कितना अनुशासन अपनाया जाता है। नियमित दवा सेवन, पौष्टिक आहार एवं चिकित्सकीय सलाह का पालन ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा टीबी मरीजों को छह माह तक प्रतिमाह 1000 की पोषण सहायता राशि दी जा रही है, ताकि इलाज के दौरान किसी प्रकार की कमी न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस सहायता का सही उपयोग करना मरीज की स्वयं की जिम्मेदारी है। बीमारी को ठीक करने के साथ-साथ उसके फैलाव को रोकना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उपायुक्त ने विशेष रूप से बच्चों की सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि टीबी सहित अन्य संक्रामक बीमारियों से बच्चों को बचाना अत्यंत आवश्यक है। साफ-सफाई, सावधानी और समय पर जांच से कई गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है। उन्होंने टीबी से पूर्णतः स्वस्थ हो चुके लोगों से टीबी चैंपियन बनकर समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया, ताकि कोई भी व्यक्ति भय या लापरवाही के कारण इलाज से वंचित न रहे। उन्होंने जानकारी दी कि जिले में अब तक 513 टीबी मरीजों को गोद लिया जा चुका है, जिनमें से स्वयं उपायुक्त द्वारा 51 मरीजों को गोद लिया गया है। कार्यक्रम के दौरान इन मरीजों को पांचवें माह का पोषण किट प्रदान किया गया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;