अमड़ापाड़ा से लापता दो नाबालिगों का पुलिस को मिला सुराग
अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र से लापता 16 वर्षीय किशोर और 13 वर्षीय छात्रा का सुराग मिला है। पुलिस ने तकनीकी मदद से उनकी लोकेशन बेंगलुरु के आसपास ट्रैक की है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा है। दोनों नाबालिग 12 मार्च से लापता थे।

अमड़ापाड़ा, एक संवाददाता। अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुए 16 वर्षीय किशोर और 13 वर्षीय छात्रा का सुराग मिल गया है। शुरुआती जांच और व्हाट्सएप चैट के आधार पर यह मामला प्रेम-प्रसंग का निकला है। ताजा जानकारी के अनुसार, पुलिस ने तकनीकी मदद से दोनों की लोकेशन बेंगलुरु के आसपास ट्रैक की है और अब उन्हें बरामद कर वापस लाने की प्रक्रिया जारी है। बता दें कि बीते 12 मार्च की सुबह से ही दोनों नाबालिग अपने घरों से लापता थे। लापता किशोर अंतिम बार लाल शर्ट और काली जींस में देखा गया था, जबकि आठवीं कक्षा की छात्रा स्कूल जाने के नाम पर घर से निकली थी।
किशोर के परिजनों ने इस संबंध में थाने में कांड संख्या 12/26, बीएनएस की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कराया था।पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि किशोर ने अपने एक रिश्तेदार को व्हाट्सएप मैसेज कर खुद के सुरक्षित होने और ट्रेन में होने की बात कही थी। पुलिस ने जब मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला, तो स्पष्ट हुआ कि दोनों साथ में बेंगलुरु की ओर निकल गए हैं। अमड़ापाड़ा थाना पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर तकनीकी मदद से दोनों नाबालिगों को जल्द ही बरामद कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस परिजनों के संपर्क में है और मामले की छानबीन में जुटी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


