कृष्ण जन्मोत्सव प्रसंग सुन आनंदित हुए श्रद्धालु

May 07, 2026 02:22 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, पाकुड़
share

अमड़ापाड़ा के बासमती गांव में चल रहे श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। कथा वाचक आचार्य गौतम देव महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का प्रसंग सुनाया, जिससे पंडाल जयकारों से गूंज उठा। कथा में दान और भक्ति का महत्व बताया गया, और अंत में भगवान की भव्य आरती की गई।

कृष्ण जन्मोत्सव प्रसंग सुन आनंदित हुए श्रद्धालु

​अमड़ापाड़ा। प्रखंड के बासमती गांव के सड़क टोला में चल रहे सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन मंगलवार को पंडाल में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। जैसे ही कथा वाचक आचार्य गौतम देव महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का प्रसंग सुनाया, पूरा पंडाल नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की और हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की के जयकारों से गूंज उठा। इस दौरान श्रद्धालुओं ने झूमते-नाचते हुए भगवान के बाल रूप का स्वागत किया और उत्सव मनाया। ​इससे पूर्व मंगलवार की कथा में वृंदावन से पधारे आचार्य गौतम देव महाराज ने गजेंद्र मोक्ष, समुद्र मंथन और वामन अवतार की कथा का बेहद सुंदर वर्णन किया।

उन्होंने वामन अवतार प्रसंग के माध्यम से समझाया कि दान से मनुष्य का अहंकार दूर होता है और ईश्वर के प्रति सर्वस्व समर्पण ही वास्तविक भक्ति है। इसके बाद महाराज जी ने जब कंस के अत्याचारों और कारागार में भगवान विष्णु के चतुर्भुज रूप में प्रकट होने की कथा सुनाई, तो श्रद्धालु भावविभोर हो गए। उन्होंने उपदेश देते हुए कहा कि जब-जब धरती पर पाप और अत्याचार बढ़ता है, तब-तब भगवान दुष्टों का संहार करने और अपने भक्तों की रक्षा के लिए अवतार लेते हैं।​कथा के अंत में भगवान की भव्य आरती उतारी गई और भक्तों के बीच विशेष माखन-मिश्री का प्रसाद वितरित किया गया। देर रात तक चले इस जन्मोत्सव कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों की उपस्थिति सबसे अधिक रही। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में कथा समिति के अध्यक्ष मंटू मंडल, कोषाध्यक्ष लोखय पाल, सचिव गोपी मंडल के साथ-साथ हिमांशु मंडल, संजय पाल, सुधांशु मंडल, ललन भगत और ब्रजेश भगत सहित सभी ग्रामीण और कार्यकर्ता मुस्तैदी से जुटे रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।