अमड़ापाड़ा के पत्रकार ने जताई परिवार सहित हत्या की साजिश की आशंका, मांगी सुरक्षा
अमड़ापाड़ा के छोटे पहाड़पुर गांव के पत्रकार लॉरेंस बेसरा ने अपने परिवार के सदस्यों पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस को आवेदन देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। लॉरेंस ने कहा कि उनके परिवार को गंभीर खतरा है और पुलिस जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अमड़ापाड़ा, एक संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के छोटा पहाड़पुर गांव निवासी सह स्थानीय पत्रकार लॉरेंस बेसरा ने अपने ही परिवार के कुछ सदस्यों पर पूरे परिवार की हत्या की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने अपनी और अपने परिजनों की जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा को लिखित आवेदन देकर न्याय की मांग की है। पुलिस को दिए आवेदन में पीड़ित पत्रकार ने निष्पक्ष जांच कर नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की है। थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा को सौंपे गए शिकायती पत्र में लॉरेंस बेसरा ने बताया कि उन्हें अपनी पत्नी मेरिनिला हेम्ब्रम, बेटी एजनी बेसरा और पुत्र अर्पण एलेक्स बेसरा की जान का गंभीर खतरा सता रहा है।
उन्होंने अपने ही परिवार के सदस्य सुरेश बेसरा, संतोसनी मुर्मू और सुजीत बेसरा पर शक जाहिर करते हुए आरोप लगाया है कि ये लोग किसी अप्रिय घटना को अंजाम दिलवा सकते हैं।आवेदन के मुताबिक, बीते तीन जून की रात उनके आवास पर माता-पिता का श्राद्ध भोज कार्यक्रम था। रात करीब एक बजे एक अज्ञात संदिग्ध व्यक्ति उनके घर के आसपास रेकी (निरीक्षण) कर चला गया। करीब 10 मिनट बाद वही व्यक्ति दोबारा आया और जबरन घर में घुसने का प्रयास करने लगा। श्राद्ध कार्यक्रम के कारण घर के लोग और मेहमान जगे हुए थे। जब परिजनों ने उसे टोकते हुए परिचय पूछा, तो उसने कोई जवाब नहीं दिया और कमर में खोंसे किसी हथियार की तरफ हाथ ले जाने लगा। यह देख लोग डर गए और शोर मचाना शुरू कर दिया, जिसके बाद संदिग्ध अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। इस घटना के बाद से पत्रकार का पूरा परिवार खौफ के साए में जीने को मजबूर है। पीड़ित ने आशंका जताई है कि इस पूरी साजिश के पीछे नामजद आरोपियों का ही हाथ है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


