Pakur News: झमाझम हुई बारिश से सड़कों पर जलजमाव से लोग परेशान
Pakur News: महेशपुर के किसान झमाझम बारिश से खुश हैं, लेकिन जर्जर सड़कें और जल जमाव से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नालियों की स्थिति भी चिंताजनक है, जिससे पानी निकल नहीं पा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से साफ-सफाई की मांग की है।

Pakur News: महेशपुर, एक संवाददाता। विगत सोमवार रात से मंगलवार रात तथा बुधवार को दिन भर रूक-रूककर होती रही झमाझम बारिश से जहां एक ओर धान की खेती करने वाले किसानों में खुशी का माहौल है। वहीं दूसरी ओर प्रखंड मुख्यालय के जर्जर सड़कों पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में तथा जल निकासी की मुकम्मल व्यवस्था नहीं होने के कारण काफी मात्रा में जल जमाव हो जाने से राहगीरों को आवागमन करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताते चलें कि प्रखंड मुख्यालय की अधिकांश प्रमुख सड़कों की स्थिति जर्जर है। दूसरी ओर सड़क किनारे जल निकासी के लिए बनाए गए नालियों की वर्तमान स्थिति चिंताजनक है।
जिस वजह से सड़क पर हुए जलजमाव का पानी नालियों के माध्यम से सड़क से हट नहीं पा रहा है। सड़क पर जल जमाव होने से विशेष कर विद्यालय जाने वाले छात्र-छात्राओं सहित विशेष कर महिलाओं व बुजुर्गों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलजमाव की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने प्रशासन से इस समस्या से मुक्ति दिलाने की मांग करते हुए नालियों की सफाई कराने की मांग की है।


