सोहराय प्रकृति, परंपरा और संताल संस्कृति का जीवंत उत्सव : उपायुक्त
पाकुड़ में जिला प्रशासन द्वारा कृषि उत्पादन बाजार समिति प्रांगण में तीन दिवसीय सोहराय महोत्सव का आयोजन किया गया। उपायुक्त मनीष कुमार और अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर महोत्सव की शुरुआत की। यह पर्व पशुधन के सम्मान, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और संताल सभ्यता की पहचान है।

पाकुड़, प्रतिनिधि। जिला प्रशासन पाकुड़ की ओर से कृषि उत्पादन बाजार समिति प्रांगण में तीन दिवसीय सोहराय महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। महोत्सव का शुभारंभ उपायुक्त मनीष कुमार, एसपी निधि द्विवेदी, एसी जेम्स सुरीन, एसडीओ साईमन मरांडी, सांसद प्रतिनिधि श्याम यादव के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर डीसी-एसपी सहित उपस्थित पदाधिकारियों ने मांदर की थाप पर झूमते हुए लोकसंस्कृति का उत्साहवर्धन किया। पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना कर सोहराय पर्व की शुरुआत की गई। उपायुक्त ने जिलेवासियों को सोहराय पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सोहराय पर्व पशुधन के सम्मान, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और संताल सभ्यता की जीवंत पहचान है।
यह पर्व इस बात का प्रतीक है कि मानव जीवन, कृषि, पशु और प्रकृति एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। कहा कि अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में तथा पुलिस अधीक्षक के सहयोग से लोकल कलाकारों, सोहराय समिति एवं सांस्कृतिक समूहों के साथ पूरी जिम्मेदारी के साथ महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। एसपी ने कहा कि जिला प्रशासन एवं सोहराय समिति द्वारा आयोजित यह तीन दिवसीय महोत्सव अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि यह गर्व का विषय है कि लगातार दूसरे वर्ष पूरे उत्साह और उमंग के साथ सोहराय महोत्सव मनाया जा रहा है। उन्होंने माननीय सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अवकाश की घोषणा से जन-जन की भागीदारी सुनिश्चित हुई है और लोग जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महोत्सव स्थल पर रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य और जिले के कोने-कोने से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत दुर्लभ वाद्ययंत्र हमारी समृद्ध लोकसंस्कृति को जीवंत रूप में प्रस्तुत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सोहराय महोत्सव न केवल प्रकृति और अपनी जड़ों से जुड़ने का अवसर है, बल्कि सांस्कृतिक विरासत को संजोकर अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का भी माध्यम है। यह पर्व परिवार के साथ आनंद लेने, आत्मचिंतन करने और भविष्य के प्रति सजग होने का संदेश देता है। इस अवसर पर अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी, सांसद प्रतिनिधि श्याम यादव सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी सोहराय पर्व के महत्व पर अपने-अपने विचार साझा किए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




