जैविक खाद व प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दें किसान: डीसी
- बाजार समिति में उद्यान सह मधु महोत्सव का हुआ आयोजन... जैविक खाद व प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दें किसान: डीसी जैविक खाद व प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दें

बाजार समिति परिसर पाकुड़ में शनिवार को उद्यान महोत्सव सह मधु महोत्सव एवं उद्यानिकी मेला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त मनीष कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार एवं जिला उद्यान पदाधिकारी प्रसनजीत महतो ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर आयोजित मेले में किसानों, स्वयं सहायता समूहों तथा कृषि एवं उद्यानिकी से जुड़े विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर फल, सब्जी, मधु उत्पादन, मशरूम, पौधरोपण, जैविक खेती एवं उद्यानिकी से संबंधित नवीन तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। मेले में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया तथा विशेषज्ञों से खेती से जुड़ी जानकारी प्राप्त की।
उपायुक्त ने कहा कि उपायुक्त ने कहा कि खेत से लेकर थाली तक भोजन की यात्रा अत्यंत महत्वपूर्ण होती है और इसमें शुद्धता का विशेष महत्व है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि रासायनिक पदार्थों के अत्यधिक उपयोग से बचते हुए जैविक खाद और प्राकृतिक तरीकों से खेती को बढ़ावा दें। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति और परंपरा सात्विक भोजन और प्राकृतिक जीवन शैली पर आधारित रही है। यदि हम शुद्ध और प्राकृतिक भोजन अपनाएंगे तो हमारा स्वास्थ्य और सोच दोनों बेहतर होंगे।उद्यानिकी मेले के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने मधुमक्खी पालन से जुड़े किसानों से संवाद कर उनकी गतिविधियों एवं योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उपायुक्त ने मधुमक्खी पालन को किसानों की आय बढ़ाने का एक प्रभावी और सराहनीय माध्यम बताते हुए अधिक से अधिक किसानों को इस दिशा में आगे आने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मधुमक्खी पालन से शहद उत्पादन के साथ-साथ फसलों में परागण की प्रक्रिया बढ़ती है, जिससे कृषि उत्पादन में भी वृद्धि होती है।अंतरराज्यीय प्रशिक्षण के लिए 80 किसान यूपी व उत्तराखंड रवाना..... उद्यानिकी विभाग द्वारा आयोजित अंतरराज्यीय प्रशिक्षण एवं परिभ्रमण कार्यक्रम के तहत जिले के 80 किसानों को उन्नत उद्यानिकी तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए रवाना किया गया। उपायुक्त ने हरी झंडी दिखाकर किसानों के दल को प्रशिक्षण के लिए प्रस्थान कराया। किसानों का यह दल इंस्टिट्यूट ऑफ हॉर्टिकल्चर टेक्नोलॉजी, नोएडा (उत्तर प्रदेश) तथा वीर चंद्र सिंह गढ़वाली कॉलेज ऑफ हॉर्टिकल्चर एंड फॉरेस्ट्री, उत्तराखंड का भ्रमण कर वहां फल एवं सब्जी उत्पादन, मधुमक्खी पालन तथा उद्यानिकी की आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त करेगा। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को उन्नत कृषि एवं उद्यानिकी तकनीकों से अवगत कराना तथा उन्हें आधुनिक और लाभकारी खेती के लिए प्रेरित करना है, ताकि किसान नई तकनीकों को अपनाकर अपनी आय में वृद्धि कर सकें।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


