होटल में अगलगी से लगभग एक लाख का सामान जलकर राख
महेशपुर के गढ़बाड़ी चौक पर स्थित यादव होटल में आग लगने से लगभग एक लाख रूपए का सामान जलकर राख हो गया। होटल के मालिक ने बताया कि उन्हें पहले भी धमकी मिली थी। धमकी देने वाले व्यक्ति को पकड़कर पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और होटल मालिक ने अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी है।
महेशपुर, एक संवाददाता। महेशपुर प्रखंड के गढ़बाड़ी चौक पर स्थित यादव होटल में आग लगने से लगभग एक लाख रूपए का सामान जलकर राख हो गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए होटल के मालिक यादव माल ने कहा कि वे 24 वर्षों से होटल चला रहे हैं। कहा कि इससे पूर्व भी एक बार रात्रि में अज्ञात लोगों के द्वारा होटल में बने चूल्हे को तोड़-फोड़ किया गया था। बताया कि मंगलवार को वह हमेशा कि तरह शाम सात बजे होटल बंद करके घर चले गए थे। वहीं बुधवार सुबह जब वह होटल खोलने आए तो देखा कि होटल पूरी तरह से जल चुका है।
कहा कि बीते रात प्रखंड के घनश्यामपुर गांव के एक व्यक्ति टिटन शेख उधार ना देने पर धमकी दिया था कि रात में आग लगा देंगे। इस दौरान होटल मालिक और ग्रामीणों ने धमकी देने वाले टिटन शेख को भी पकड़ कर रखा था। घटना की सूचना पर महेशपुर थाने के एसआई पुरुषोत्तम लागोरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं घटना की जानकारी लेने के बाद धमकी देने वाले व्यक्ति को इलाज के लिए महेशपुर सीएचसी अस्पताल ले जाया गया। धमकी देने वाले टिटन का बाल और हाथ जला हुआ है, जिसके कारण घटना को अंजाम देने की आशंका बढ़ जाती है। होटल मालिक ने बताया कि होटल में रखे 8 कुर्सी, 2 टेबल, 4 बेंच, 2 पंखा सहित करीब एक लाख रूपए का नुकसान हुआ है। खबर भेजे जाने तक थाने में कोई लिखित आवेदन नहीं दी गयी थी। इधर टिटन शेख का कहना है कि वह होटल में सोया हुआ था। आग लगने की वजह से वह किसी तरह खुद को बचा सका। इस संबंध में एसआई पुरूषोत्तम लागोरी से जानकारी लेने पर उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। होटल मालिक की ओर से अभी तक किसी भी प्रकार का लिखित आवेदन नहीं दिया गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


