बीडीओ सोमनाथ बनर्जी ने खुद दवा खाकर की शुरुआत
पाकुड़िया में एमडीए-आईडीए फाइलेरिया उन्मूलन अभियान का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य लोगों को फाइलेरिया से बचाने के लिए जागरूक करना है। बीडीओ सोमनाथ बनर्जी ने दवा का सेवन कर अभियान की शुरुआत की। उपायुक्त ने भी जनभागीदारी पर जोर दिया और सभी से दवा का सेवन करने की अपील की।
पाकुड़िया, एक संवाददाता। प्रखंड में एमडीए-आईडीए फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाकुड़िया में दवा सेवन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम जनमानस को फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के प्रति जागरूक करना तथा जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाने की दिशा में ठोस पहल करना रहा। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमनाथ बनर्जी ने स्वयं फाइलेरिया की दवा का सेवन कर अभियान की शुरुआत की। उनके साथ प्रखंड कार्यालय के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी दवा का सेवन किया और पाकुड़ जिला को फाइलेरिया मुक्त बनाने की सामूहिक शपथ ली। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीडीओ सोमनाथ बनर्जी ने कहा कि फाइलेरिया एक गंभीर लेकिन पूरी तरह से रोकी जा सकने वाली बीमारी है।
इसके उन्मूलन के लिए सरकार द्वारा एमडीए-आईडीए अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत सभी पात्र व्यक्तियों को दवा का सेवन करना आवश्यक है। उन्होंने प्रखंडवासियों से अपील की कि वे स्वयं दवा का सेवन करें और अपने परिवार, पड़ोस एवं समाज के अन्य लोगों को भी दवा खाने के लिए प्रेरित करें। बीडीओ ने यह भी स्पष्ट किया कि यह दवा पूरी तरह सुरक्षित है और इससे किसी प्रकार का कोई दुष्प्रभाव नहीं होता है। इस संबंध में पाकुड़ के उपायुक्त मनीष कुमार ने अपने संदेश में कहा है कि फाइलेरिया उन्मूलन एक महत्वपूर्ण जन-स्वास्थ्य कार्यक्रम है, जिसकी सफलता जनभागीदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि यदि सभी लोग निर्धारित समय पर दवा का सेवन करें, तो आने वाले समय में इस बीमारी से पूरी तरह मुक्ति पाई जा सकती है। उपायुक्त ने जिले के सभी विभागों, स्वास्थ्यकर्मियों, शिक्षकों, सेविकाओं-सहायिकाओं एवं स्वयंसेवी संस्थाओं से अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की है। कार्यक्रम में एई रोहित कुमार गुप्ता, बीपीओ जगदीश पंडित, सीआई सुभाष यादव, कंप्यूटर सहायक पुलक लेट, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. भरत भूषण भगत सहित प्रखंड कार्यालय के सभी कर्मी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के स्वास्थ्यकर्मी तथा जेएसएलपीएस के सभी कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया और आम जनता को जागरूक करने का संदेश दिया। जानकारी दी गई कि एमडीए-आईडीए फाइलेरिया उन्मूलन अभियान 10 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक पूरे प्रखंड में चलाया जाएगा। इस दौरान फाइलेरिया की दवा सभी नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों एवं स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, निर्धारित दवा का सेवन अवश्य करें और जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाने में अपना योगदान दें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




