डीपीएस पाकुड़ में उत्साह, उल्लास के साथ शैक्षणिक सत्र आरंभ
दिल्ली पब्लिक स्कूल, पाकुड़ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ विशेष सभा एवं हवन कार्यक्रम द्वारा किया गया। निदेशक अरुणेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों को अनुशासन, समय-प्रबंधन और सकारात्मक सोच के महत्व के बारे में बताया। प्रधानाध्यापक जेके शर्मा ने शिक्षा के प्रति गंभीर रहने का संदेश दिया और बच्चों का स्वागत करने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
पाकुड़, प्रतिनिधि। दिल्ली पब्लिक स्कूल, पाकुड़ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ हर्षोल्लास के साथ विशेष सभा एवं हवन कार्यक्रम द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण में नव-नामांकित तथा पूर्व से अध्ययनरत सभी छात्र-छात्राओं का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।विद्यालय के निदेशक अरुणेंद्र कुमार ने अपने प्रेरणादायी संदेश में विद्यार्थियों के जीवन में अनुशासन, समय-प्रबंधन एवं कठोर परिश्रम के महत्व को समझाते हुए कहा कि सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।विद्यालय के प्रधानाध्यापक जेके शर्मा ने विशेष सभा में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों, लक्ष्यों एवं उपलब्धियों से अवगत कराते हुए उन्हें शिक्षा के प्रति गंभीर रहने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत सकारात्मक ऊर्जा एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना हेतु विधिवत हवन का आयोजन किया गया, जिसमें सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सहभागिता निभाई। नए सत्र के प्रथम दिन बालवाटिका एवं प्राथमिक कक्षाओं में बच्चों के स्वागत हेतु विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों जैसे हाई-फाई, कविता-पाठ, चित्रांकन आदि का आयोजन किया गया। विशेष रूप से बालवाटिका के नन्हे-मुन्ने बच्चों का स्नेहपूर्वक स्वागत किया गया, जिससे उनके चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने विद्यालय के पहले दिन को उत्साहपूर्वक अनुभव किया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


