Pakur News: अंग्रेजों के शासनकाल के समय से बिरकीट्टी दुर्गा मंदिर में होती है पूजा-अर्चना
Pakur News: महेशपुर प्रखंड के बिरकीट्टी गांव में करीब 218 वर्ष पुराने मां दुर्गा पूजा स्थल पर संधि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को मां की उपस्थिति का एहसास होता है। देवीनगर स्टेट के राजा उदय नारायण सिंह ने मंदिर की स्थापना कराई थी। यहां विभिन्न समुदायों के लोग मन्नत मांगने आते हैं। वर्ष 2026 की पूजा कमेटी गठित है और दशमी को मेला तथा एकादशी को प्रतिमा विसर्जन होगा।
Pakur News: महेशपुर, एक संवाददाता। महेशपुर प्रखंड अंतर्गत बिरकीट्टी गांव में विगत करीब 218 वर्षों पुर्व स्थापित मां दुर्गा पूजा स्थल में अष्टमी तथा नवमी तिथि के बीच होने वाले संधि पूजा के वक्त, भक्तों को दुर्गा प्रतिमा में मां की उपस्थिति का एहसास आज भी होता है। इस पूजा स्थल के बारे में मान्यता है कि यहां से कभी कोई निराश नहीं लौटा है। बिरकीट्टी गांव के बुजुर्गों से इस पूजा स्थल के बारे में मिली जानकारी के अनुसार आज से करीब 218 वर्षों पुर्व देवीनगर स्टेट के राजा उदय नारायण सिंह द्वारा दुर्गा मां के मंदिर की स्थापना कराई गई थी। उनके देहांत के बाद महेशपुर राजवंश के राजाओं द्वारा वहां मां की पूजा-अर्चना का कार्य संपन्न कराया जाता रहा। राजाओं की सत्ता समाप्त होने के बाद पूजा-अर्चना की जिम्मेवारी सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी बिरकीट्टी के जिम्मे है। बिरकीट्टी दुर्गा मंदिर में वर्तमान में बतौर पुरोहित तमाल चंद्र बनर्जी पूजा कार्य संपन्न कराते हैं। इसके पुर्व सनत बनर्जी, स्व. कालीतारण बनर्जी, स्व. माधव बनर्जी पूजा संपन्न कराते थे। सच्चे मन से मांगी गई मुराद पूरी होने पर सप्तमी, संधि पूजा तथा नवमी तिथि को यहां बकरे की बलि चढ़ाने की परंपरा रही है। इस पूजा स्थल की विशेष बात यह है कि मां के दर पर दुसरे संप्रदाय के लोग भी मन्नतें मांगने तथा मत्था टेकने आते हैं। सार्वजनिक दुर्गा मंदिर बिरकीट्टी में दुर्गा पूजा के वक्त अष्टमी तथा नवमी तिथि के मध्य संपन्न होने वाली संधि पूजा के वक्त श्रद्धालुओं की काफी भीड़ जमा होती है। इस बावत जनश्रुति है कि संधि पूजा के वक्त पूजा स्थल पर उपस्थित श्रद्धालुओं को मंदिर में मां दुर्गा की उपस्थिति का एहसास होता है। शायद यही वजह है कि इस अति पुराने मां दुर्गा पूजा स्थल के प्रति लोगों में असीम श्रद्धा आज भी पूर्ववत बनी हुई है।
पूजा कमेटी की जिम्मेदारी
वर्ष 2026 में दुर्गा पूजा के सफल संचालन को लेकर सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी बिरकीट्टी के अध्यक्ष के रुप में तमाल चंद्र बनर्जी, सचिव सहदेव रविदास तथा कोषाध्यक्ष अमित कुमार मंडल को जिम्मेवारी सौंपी गई है। जबकि सदस्य के रूप में गणेश चंद्र कर्मकार, देव प्रसाद दत्ता, विश्वजीत सेन, मनोज माल सहित अन्य शामिल हैं।
पूजा आयोजन और विसर्जन
सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी बिरकीट्टी के अध्यक्ष तमाल चंद्र बनर्जी ने जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से लोगों को प्रसाद स्वरुप खिचड़ी खिलाने की भी व्यवस्था की गई है। दशमी तिथि को यहां मेला भी लगता है। जबकि एकादशी तिथि को पुरे धूमधाम से मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।

