ऑटो चालकों ने दोगुना किया किराया
पाकुड़ शहर के ऑटो चालक मनमाना किराया वसूल रहे हैं। दो दिन पहले किराया बढ़ाने के लिए ऑटो चालकों ने हड़ताल की थी। समझौता वार्ता के बाद हड़ताल खत्म हो गई। प्रशासन ने निर्णय होने तक पुराना किराया ही लेने का...
पाकुड़ शहर के ऑटो चालक मनमाना किराया वसूल रहे हैं। दो दिन पहले किराया बढ़ाने के लिए ऑटो चालकों ने हड़ताल की थी। समझौता वार्ता के बाद हड़ताल खत्म हो गई। प्रशासन ने निर्णय होने तक पुराना किराया ही लेने का निर्देश ऑटो चालकों को दिया है। ऑटो चालक प्रशासन के निर्देश का उल्लंघन कर अपने मन से दोगुना भाड़ा वसूल रहे हैं। बुधवार को ऑटो किराया को लेकर चालकों के साथ कई जगह तू-तू मैं-मैं और बकझक की स्थिति आई। ऑटो चालक पांच की जगह दस रुपए किराया मांग रहे हैं। क्या कहते हैं ऑटो चालक: ऑटो चालकों की हड़ताल का नेतृत्व कर रहे अनिल कुमार शुक्ला ने बताया कि किराया बढ़ाने का कोई निर्णय नहीं लिया गया है। ऑटो चालकों से भी ऐसी कोई बात तय नहीं हुई है। अगर कोई दोगुना किराया वसूल रहा है तो गलत है। समझौता वार्ता में गुरुवार की बैठक में किराए की दर में वृद्धि होने की बात तय हुई है। गुरुवार को नगर परिषद् बोर्ड की बैठक: ऑटो किराया में वृद्धि के लिए गुरुवार (10 मई) बैठक तय है। मंगलवार को हुई समझौता वार्ता में नगर परिषद् के कार्यपालक पदाधिकारी ने बैठक तय की थी। सभी पक्षों को बैठक में बुलाया गया है। विस्तृत बातचीत के बाद ऑटो किराया में संशोधन का निर्णय लिया जाएगा।