Pakur News: सोनारपाड़ा में 121 वर्षों से अधिक समय से हो रही दुर्गा पूजा
Pakur News: महेशपुर प्रखंड के सोनारपाड़ा गांव में 121 वर्षों से मां दुर्गा की पूजा अर्चना हो रही है। यहां के लोग सभी सम्प्रदाय के सहयोग से दुर्गा पूजा मनाते हैं। बंग्ला संस्कृति की छाप इस पूजा पद्धति में देखने को मिलती है। श्रद्धालु मनोकामना पूर्ण होने पर वस्त्र व आभूषण माता को अर्पित करते हैं।

Pakur News: महेशपुर, एक संवाददाता। महेशपुर प्रखंड मुख्यालय से करीब छ: किलोमीटर दूर पश्चिम बंगाल राज्य सीमा के निकट सोनारपाड़ा गांव स्थित सार्वजनिक दुर्गा मंदिर में विगत लगभग 121 वर्षों से अधिक समय से मां दुर्गा की पूजा अर्चना होती चली आ रही है।
सोनारपाड़ा दुर्गा मंदिर
सोनारपाड़ा सार्वजनिक दुर्गा मंदिर श्रद्धालुओं के बीच श्रद्धा व विश्वास का केंद्र बना हुआ है। सोनारपाड़ा गांव में स्थित इस दुर्गा मंदिर और गांव की विशेषता यह है कि दुर्गा पूजा समारोह को सभी सम्प्रदाय के लोग आज भी आपसी सहयोग से मनाते आ रहे हैं। गांव के बुजुर्ग लोगों से मिली जानकारी के अनुसार इस पूजा स्थल पर विगत लगभग 121 वर्षों से अधिक समय से मां दुर्गा की पूजा अर्चना होती आ रही है।
बंग्ला संस्कृति का प्रभाव
पश्चिम बंगाल राज्य की सीमा के समीप होने की वजह से यहां की पूजा पद्धति में बंग्ला संस्कृति की छाप स्पष्ट झलकती है। इस दुर्गा मंदिर में मां दुर्गा की पूजा पद्धति की खास विशेषता यह है कि वैष्णव मत से पूजा-अर्चना होने के कारण यहां बलि प्रथा नहीं है। मनचाही मुराद पूरी होने पर श्रद्धालु वस्त्र, सोने व चांदी के बने आभूषण माता के चरणों में अर्पित करते हैं। मंदिर निर्माण के लिए मनोकामना पूर्ण होने पर ऐसे ही एक श्रद्धालु प्रखंड के नुड़ाई ग्राम निवासी रामरंजन सरकार ने आर्थिक सहयोग दिया था।
श्रद्धालुओं का समर्पण
सोनारपाड़ा समेत आसपास के गांवों के लोग मां दुर्गा के जागृत स्वरूप को पूजा स्थल मानते हैं। शायद यही वजह है कि इस गांव के वैसे लोग जो बाहर काम करते हैं। दुर्गा पूजा के अवसर पर मां के चरणों में शीश नवाने यहां अवश्य पहुंचते हैं। गांव के अति वृद्ध लोगों से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस पूजा स्थल में सच्चे मन व मां के प्रति समर्पित भावना के साथ मांगी गई मुराद अवश्य पूरी होती है। शायद यही वजह है कि मां दुर्गा पूजा स्थल सोनारपाड़ा आज भी श्रद्धालुओं के बीच श्रद्धा व विश्वास का केंद्र बना हुआ है।
दुर्गा पूजा कमेटी की व्यवस्था
दुर्गा पूजा कमेटी सोनारपाड़ा 2026 के अध्यक्ष मीठू माल, सचिव सुभाष चंद्र मंडल तथा कोषाध्यक्ष राजीव दत्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूजा समिति की ओर से विशेष रूप से निगरानी रखने का कार्य किए जाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।

