हम मंच से नहीं बल्कि..; झारखंड में आंदोलनकारी छात्रों से मिल क्या बोले CJP नेता; आशुतोष रांका ने भी दी प्रतिक्रिया
झारखंड सरकार ने शनिवार को विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने अपनी सभी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का फैसला किया है।
झारखंड में विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में हुई धांधलियों और पेपर लीक को लेकर छात्रों का प्रदर्शन लगातार जारी है और सरकार के साथ हुई बातचीत के बाद भी अबतक कोई समाधान नहीं निकल सका है। उधर आंदोलनकारी छात्रों को अब दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन करने वाली CJP यानी कॉकरोच जनता पार्टी का समर्थन भी मिल गया है। CJP के दो सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल शनिवार को आंदोलनकारी स्टूडेंट्स से मिलने के लिए रांची पहुंचा। इस दौरान पार्टी ने छात्रों को अपना पूरा सहयोग देने की घोषणा की है, साथ ही कहा है कि वे मंच के ऊपर से नहीं बल्कि मंच के नीचे रहकर छात्रों की मदद करेंगे।
सीजेपी के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने शनिवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि उनकी पार्टी के दो सदस्य मुकेश चौधरी और अक्षय शिंदे रांची पहुंचे हैं और विरोध कर रहे छात्रों को हर तरह का समर्थन देंगे। उधर इस प्रतिनिधि मंडल के एक सदस्य मुकेश चौधरी ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए अपने आने का मकसद बताया।
'जहां भी छात्रों के साथ अन्याय होता है…'
चौधरी ने पीटीआई से कहा कि, 'हमारा यही कहना है कि CJP पार्टी झारखंड के बच्चों के साथ पूरी तरह खड़ी है क्योंकि CJP की लड़ाई यही है। खास बात यह है कि हमारा कोई पॉलिटिकल ग्रुप नहीं है, इसलिए जहां कहीं भी छात्रों के साथ अन्याय होता है, उनके हक और अधिकार छीने जाते हैं, हम वहां उनके साथ खड़े रहेंगे। यहां हम छात्रों द्वारा की जा रही पेपर लीक के मामलों की निष्पक्ष जांच और JPSC की परीक्षा में पारदर्शिता समेत सभी मांगों का समर्थन करते हैं। यहां आकर हमने देखा कि यहां बच्चों ने हर परीक्षा के लिए तय रेट लिस्ट भी लगा रखी है।'
'देश के युवाओं संग ये खिलवाड़ कब तक होता रहेगा'
मुकेश चौधरी ने आगे कहा, ‘बच्चे पहले कहते हैं कि भर्ती निकालो, फिर कहते हैं कि पेपर कराओ, फिर कहते हैं आंसर-की निकालो, फिर वो तीन-तीन चार-चार बार आंसर-की बदलते रहते हैं, फिर बच्चें मांग करते हैं कि रिजल्ट निकालो, इसके बाद भी सारी चीजें होती रहती हैं तो फिर बच्चे कहते हैं कि इस भर्ती को रद्द करो। देश के युवाओं के साथ ये खिलवाड़ कब तक होता रहेगा।’
CJP प्रतिनिधि बोले- हम मंच के ऊपर से नहीं बल्कि…
CJP प्रतिनिधि ने आगे कहा, 'हम धरने पर बैठे छात्रों को सीजेपी की तरफ से यही आश्वासन देने आए हैं कि यहां के बच्चों की जो लड़ाई है, उसमें हम अंतिम सांस तक उनके साथ हैं। हमने जंतर-मंतर की लड़ाई से जो कुछ भी सीखा है, हमारा वहां का जो अनुभव है, उसे हम यहां शेयर करेंगे। नीचे की इन तमाम व्यवस्थाओं को हम देखेंगे, उसमें सपोर्ट करेंगे। हम मंच के ऊपर से नहीं, मंच के नीचे से छात्रों को सपोर्ट करेंगे।'
रांका बोले- CJP पूरी एकजुटता से छात्रों के साथ खड़ी
उधर कॉकरोच जनता पार्टी के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने CJP प्रतिनिधियों की झारखंड में आंदोलनकारी छात्रों से हुई मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा, 'झारखंड के छात्रों के साथ CJP पूरी एकजुटता के साथ खड़ी है। मुकेश चौधरी और अक्षय शिंदे के नेतृत्व में, यह प्रतिनिधिमंडल विरोध कर रहे छात्रों को हर तरह का समर्थन देगा।'
शनिवार को हुई बातचीत के बाद भी कोई समाधान नहीं निकला
इससे पहले झारखंड सरकार ने शनिवार को विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने अपनी सभी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का फैसला किया है।
सरकार की पांच सदस्यीय समिति जिसमें तीन मंत्री शामिल थे, ने आज सबसे पहले झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के नेता देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व वाले प्रदर्शनकारी गुट से मुलाकात की। इस मुद्दे को लेकर महतो के अनशन का शनिवार को सातवां दिन है। इसके बाद समिति ने कांग्रेस समर्थित NSUI, ACS और JCM के प्रतिनिधिमंडलों से भी बातचीत की। इससे पहले शुक्रवार रात को सरकार ने JPSC/JSSC रिफॉर्म मंच के 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ भी इसी तरह की वार्ता की थी।

