
दिल्ली धमाके की जांच के बीच झारखंड के हजारीबाग में NIA का छापा, संदिग्ध के घर दबिश
दिल्ली में लाल किला के पास हुए विस्फोट की जांच के बीच एनआईए ने झारखंड के हजारीबाग के पेलावल थाना क्षेत्र के अंसार नगर पहुंची और एक संदिग्ध के घर पर दबिश दी। विस्तृत जानकारी के लिए पढ़ें यह रिपोर्ट…
दिल्ली में लाल किला के पास हुए विस्फोट की जांच के बीच एनआईए ने झारखंड के हजारीबाग में छापेमारी की है। एनआईए की टीम हजारीबाग के पेलावल थाना क्षेत्र के अंसार नगर पहुंची और एक संदिग्ध के घर पर दबिश दी। सूत्रों की मानें तो यह कार्रवाई एक इनपुट पर की गई। टीम ने घर में परिवार के एक सदस्य से करीब आठ घंटे पूछताछ की। छापेमारी के दौरान एजेंसी ने कई दस्तावेज भी खंगाले।

बताया जाता है कि एनआईए के अधिकारी एटीएस के साथ तीन गाड़ियों से गुरुवार की सुबह इलाके में पहुंचे और संदिग्घ के घर पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान मौके पर अतिरिक्त फोर्स भी तैनात रही। सूत्रों ने बताया कि संदिग्ध को 2023 में राष्ट्रीय राजधानी से गिरफ्तार किया था। उसकी गिरफ्तारी पुणे टेरर मॉड्यूल के मामले में हुई थी। वह मूल रूप से हजारीबाग का रहने वाला है।
संदिग्ध 2019 में हजारीबाग में डकैती और चोरी के कई मामलों में भी गिरफ्तार हो चुका है। वह 8 से 9 महीने जेल में रहा फिर दिसंबर 2020 में उसे जमानत मिल गई थी। इसके बाद वह कथित तौर पर हैंडलर के संपर्क में आया। पुणे पुलिस की हिरासत से भागने के बाद एनआईए ने उस पर 3 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
गौरतलब है कि एनआईए की यह कार्रवाई ऐसे वक्त में सामने आई है जब एनआईए दिल्ली में लाल किला के पास हुए धमाके की छानबीन में जुटी है। दिल्ली ब्लास्ट में व्हाइट कॉलर टेरर मॉड्यूल का लिंक सामने आया है। इस मामले में एनआईए ने व्हाइट कॉलर टेरर मॉड्यूल से जुड़े कई डॉक्टरों को गिरफ्तार किया है।
एनआईए ने हाल ही में जम्मू-कश्मीर में बारामूला जिले के रफियाबाद इलाके के निवासी डॉ. बिलाल नसीर मल्ला को अरेस्ट किया है। उसे दिल्ली से गिरफ्तार किया गया था। डॉ. बिलाल नसीर मल्ला दिल्ली ब्लास्ट मामले में गिरफ्तार होने वाला 8वां आरोपी है। डॉ. मल्ला अल-फलाह यूनिवर्सिटी में भी काम कर चुका है।





