
मोतिहारी में बेची गई दुमका की 14 साल की लड़की बरामद, 3 महिला समेत 4 गिरफ्तार
दुमका की एक 14 वर्षीया नाबालिग को पुलिस ने बिहार के मोतिहारी से सकुशल बरामद कर लिया है, जिसे सिलाई सीखने के बहाने घर से ले जाकर सरैयाहाट और गोड्डा की तीन महिलाओं ने 80 हजार रुपये में बेच दिया था।
बिहार के मोतिहारी जिले में बेची गई दुमका की 14 वर्षीया नाबालिग लड़की को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया।पूरे मामले में तीन महिला सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। नाबालिग सरैयाहाट की रहने वाली है। वह एक माह से लापता थी। खोजबीन के बाद जब वह नहीं मिली तो दादा ने छह दिसंबर को लिखित आवेदन दिया।
दादा ने आवेदन में कहा कि उनकी पोती एक माह पूर्व सिलाई-बुनाई सिखने की बात कहकर घर से निकली, पर घर नहीं लौटी। जांच में पुलिस को पता चला कि वह बिहार के मुजफ्फरपुर में है। थाना प्रभारी ने वरीय पदाधिकारी को सूचना दी। फिर थाना प्रभारी ने टीम गठित की। नाबालिग की खोजबीन में मुजफ्फरपुर के लिए पुलिस टीम रवाना हुई। इस बीच छह दिसंबर की रात दादा थाने आए और बताया कि उनकी पोती को 80 हजार में सरैयाहाट के मरकुंडा गांव की चुड़की देवी, बाबुडीह गांव की पार्वती देवी, गोड्डा के बकसरा की पिंकी देवी उर्फ प्रियंका देवी ने बिहार के मोतिहारी के सगहरी गांव के अरुण सिंह को बेच दिया है। फिर मुजफ्फरपुर निकली पुलिस टीम को सूचना दी गई।
टीम ने अरुण सिंह के घर में छापेमारी कर पीड़िता को बरामद कर लिया। साथ ही आरोपी अरुण सिंह को गिरफ्तार कर थाने लाया गया। वहीं दूसरी छापेमारी टीम ने सरैयाहाट के मरकुंडा व बाबुडीह सहित गोड्डा के बकसरा गांव में छापेमारी कर अन्य तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सोमवार को सभी को केंद्रीय कारा भेज दिया। आरोपियों में सरैयाहाट के मरकुंडा गांव की मोसमात चुड़की देवी (50), बाबुडीह की पार्वती देवी (55), गोड्डा के बकसरा गांव की पिंकी देवी (40) और बिहार के मोतिहारी के सगहरी गांव के अरुण सिंह (27) शामिल हैं। छापेमारी में थाना प्रभारी राजेंद्र यादव, जयप्रकाश दास (आईओ), सावन साहू, नेलशन निरल मानकी, नकी ईमान खान, मनोज सिंह, विरेंद्र कुमार, शैलेश मिश्र, महेंद्र यादव, उमाशंकर कुमार, रितेश दुबे आदि शामिल थे।





