
हजारीबाग में बम विस्फोट से मचा हड़कंप, 3 की मौत; जमीन में दबा बारूद कैसे फटा?
इस धमाके में तीन लोगों के मरने की दर्दनाक खबर ने सबको हैरान कर दिया है। मरने वालों में 2 महिलाएं और 1 पुरुष शामिल हैं।
हजारीबाग शहर के बड़ा बाजार इलाके में बुधवार की शाम झाड़ी साफ करने के दौरान जमीन के भीतर दबे बम में जोरदार विस्फोट हो गया। इस हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। घटना बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे की बताई जा रही है।
जमीन में दबे बम में कैसे हुआ विस्फोट
जानकारी के अनुसार, मोहम्मद सद्दाम हुसैन अपनी जमीन पर झाड़ी साफ कर रहे थे। इस दौरान उनकी पत्नी नन्ही परवीन और रशीदा परवीन भी वहीं मौजूद थीं। झाड़ी साफ करने के क्रम में जैसे ही कुदाल जमीन पर चली, वहां दबे बम में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके में दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। प्रशासन ने इलाके में पुलिस बल तैनात कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
मृतकों की हुई पहचान
मकर संक्रांति के अवसर पर हुए इस धमाके से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत फैल गई। इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान हो गई है। इनकी पहचान है- मो. सद्दाम (40), पिता- मोहम्मद यूनुस, नन्ही परवीन (32), पति- मोहम्मद सद्दाम, रशीदा परवीन (45), पति- मोहम्मद मुश्ताक।
2016 में भी हो चुका है धमाका
उल्लेखनीय है कि हबीबीनगर इलाका पहले भी बम विस्फोटों को लेकर चर्चा में रहा है। अप्रैल 2016 में भी यहां बम बनाते समय हुए विस्फोट में छह लोगों की मौत हो चुकी है। फिलहाल सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र को सील कर दिया गया है। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि बम जमीन में कब और किस उद्देश्य से दबाया गया था।

बम विस्फोट पर क्या बोले अधिकारी
सदर एसडीपीओ अमित आनंद ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हबीबीनगर इलाके में एक खाली जमीन पर भीषण विस्फोट हुआ। धमाका इतना शक्तिशाली था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनी गई। सूचना मिलते ही बड़ा बाजार ओपी पुलिस, सीसीआर डीएसपी मनोज सिंह, सदर थाना प्रभारी सुभाष सिंह और ओपी प्रभारी पंकज कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।






