मां को भला बुरा कहा था तो सहन नहीं कर पाया बड़ा बेटा, झारखंड में छोटे भाई को उतारा मौत के घाट
दोनों भाइयों के बीच पैसों को लेकर झगड़ा हुआ था। इसी दौरान छोटे भाई ने मां को अपशब्द कह दिए जिससे गुस्से में आकर बड़े भाई ने उस पर वार कर दिया।

झारखंड के सिमडेगा जिले में पैसे को लेकर हुए झगड़े के दौरान अपनी मां को अपशब्द कहने पर बड़े भाई ने छोटे भाई की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने 36 साल के एक शख्स को गिरफ्तार किया है। उसने बताया कि यह घटना शुक्रवार को कुरडेग थाना क्षेत्र के बंगांव-बेंडोकानी गांव में हुई और मृतक की पहचान बिनोद डुंगडुंग (33) के तौर पर की गई।
पुलिस ने बताया कि पैसों के मामले को लेकर भाइयों के बीच झगड़ा हो गया, जिसके दौरान बिनोद ने कथित तौर पर अपनी मां को अपशब्द कहे। गुस्से में आकर सुमन ने अपने छोटे भाई के सिर पर डंडे से वार किया। बिनोद को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया और बाद में घर लाया गया, जहां चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पीड़ित की रिश्तेदार ने पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई।
पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) रणवीर सिंह ने बताया, हमने आरोपी को उसके छोटे भाई की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध कबूल कर लिया और बताया कि पैसे के झगड़े को लेकर भाई ने मां को अपशब्द कहे थे। इसी के चलते गुस्से में आकर उसने अपने भाई पर हमला कर दिया था। उन्होंने कहा कि पुलिस ने अपराध में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई लाठी बरामद कर ली है।
देवघर में मां बेटे की हत्या
इससे पहले झारखंड के देवघर जिले में अज्ञात हमलावरों ने एक महिला और उसके 12 साल के बेटे की सोते समय धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, हेठ नवाडीह गांव स्थित घर में रात करीब एक से दो बजे के बीच अज्ञात हमलावर घुस आए और रुबेदा बीबी (38) और उनके 12 साल के बेटे की हत्या कर दी। घटना के समय बीबी की पुत्रवधू भी घर में मौजूद थी, जबकि उनका बड़ा बेटा काम के सिलसिले में गांव से बाहर गया हुआ था।
देवघर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रवीण पुष्कर ने कहा, कुछ अज्ञात हमलावरों ने रुबेदा बीबी और उनके 12 वर्षीय बेटे की सोते समय धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। हमलावरों ने दोनों के चेहरे और गर्दन पर कुल्हाड़ी और हथौड़े से वार किए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।


