man killed best frind buried near temple sensation dead body found in field dhanbad जिगरी यार को काट कर मंदिर के पास दफना डाला, धनबाद में खेत से लाश निकलने पर सनसनी, Jharkhand Hindi News - Hindustan
Hindi Newsझारखंड न्यूज़man killed best frind buried near temple sensation dead body found in field dhanbad

जिगरी यार को काट कर मंदिर के पास दफना डाला, धनबाद में खेत से लाश निकलने पर सनसनी

  • टीकला सिंह सात दिनों से लापता था। उनकी खोजबीन की जा रही थी। टीकला गिरफ्तार कपिल ठाकुर के घर पर चार महीने से रह रहा था। पुलिस ने जब कपिल से पूछताछ की तो पता चला कि छह दिन पहले टीकला की हत्या कर शव को दफना दिया गया।

Devesh Mishra लाइव हिन्दुस्तान, धनबाद, हिन्दुस्तानThu, 26 Dec 2024 11:13 AM
share Share
Follow Us on
जिगरी यार को काट कर मंदिर के पास दफना डाला, धनबाद में खेत से लाश निकलने पर सनसनी

झारखंड के धनबाद में एक खेत से 35 साल के शख्स की लाश निकलने के बाद सनसनी मच गई। मृतक की पहचान टीकला सिंह के रूप में हुई है। टीकला की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके सबसे अच्छे दोस्त ने की। करीब चार महीने पहले टीकला जेल से बाहर निकला था। बेल मिलने के बाद से ही वह अपने दोस्त कपिल ठाकुर के घर पर रह रहा था। सात दिनों पहले दोनों दोस्त शराब पी रहे थे। पार्टी के बाद कपिल ने चाकू से टीकला की हत्या कर दी। उसे वह मंदिर के पास एक खेत में दफना दिया। बताया जा रहा है कि अवैध संबंध के चलते टीकला की हत्या की गई।

खेत से लाश निकलने पर सनसनी

जानकारी के मुताबिक, हरिहरपुर थाना क्षेत्र की कोरकोट्टा पंचायत के लखनपुर गांव में टीकला सिंह (35) का शव पाए जाने के बाद बुधवार को इलाके में सनसनी फैल गई। टीकला का शव लखनपुर शिव मंदिर के निकट खेत में दफनाया हुआ था। दंडाधिकारी की मौजूदगी में पुलिस ने शव को कब्र से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने घटना में शामिल कोरकोट्टा से कपिल ठाकुर को गिरफ्तार किया।

चार महीने से दोनों दोस्त रह रहे थे साथ

टीकला सिंह सात दिनों से लापता था। उनकी खोजबीन की जा रही थी। टीकला गिरफ्तार कपिल ठाकुर के घर पर चार महीने से रह रहा था। पुलिस ने जब कपिल से पूछताछ की तो पता चला कि छह दिन पहले टीकला की हत्या कर शव को दफना दिया गया। कपिल ने ही पुलिस को बताया कि शव कहां दफनाया गया है।

अवैध संबंध में हत्या की आशंका

हत्या में कपिल ठाकुर के साथ अन्य लोगों के भी शामिल होने का शक है। कपिल की निशानदेही पर पुलिस अन्य लोगों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। प्रारंभिक जांच में अवैध संबंध में हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।

पहले की शराब पार्टी, फिर चाकू से मार कर दी हत्या

पूछताछ में कपिल ठाकुर ने बताया कि सात दिन पहले टीकला सिंह के साथ शराब की पार्टी हुई थी। उसके बाद चाकू से उसकी हत्या कर उसके शव को दफना दिया। पुलिस टीकला से हत्या के कारण पर विस्तृत जानकारी जुटा रही है। उसके साथियों का भी नाम पूछा जा रहा है। घटना की जानकारी के बाद टीकला सिंह की बहनें मौके पर पहुंचीं और दहाड़ मार कर रोने लगीं।

चार महीने पहले जेल से निकला था मृतक

टीकला सिंह का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। चार महीने पहले टीकला जेल से बेल पर बाहर आया था। कोरकोट्टा में कपिल ठाकुर के घर पर रहता था। टीकला सिंह और कपिल ठाकुर अच्छे दोस्त थे। टीकला सिंह पर हत्या, रंगदारी जैसे कई मामले दर्ज हैं। उस पर आरोप था कि उसने चार मार्च 2015 को गोमो में मकसूद को गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी। टीकला सिंह की हत्या में उसके ही गैंग के कुछ लोगों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस इस दिशा में भी जांच कर रही है। हत्या किन कारणों से हुई है, इसका भी पता लगाया जा रहा है।