लोहरदगा शहर शुक्रवार को जाम के कारण रेंगता रहा, परेशानी में जिलावासी
लोहरदगा में नगर निकाय मतगणना, साप्ताहिक बाजार और जुम्मे के जश्न के कारण दिनभर सड़कें जाम रहीं। विजयी जुलूसों ने यातायात व्यवस्था को प्रभावित किया, जिससे स्कूली बच्चों और मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन के इंतजामों के बावजूद स्थिति नियंत्रण से बाहर रही।

लोहरदगा, संवाददाता। नगर निकाय मतगणना, साप्ताहिक बाजार और जुम्मे के कारण लोहरदगा शहर में दिन भर सड़क जाम की स्थिति बनी रही। वहीं चुनाव परिणाम के बाद निकले विजयी जुलूसों ने शहर की यातायात व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। सुबह से शुरू हुआ जाम का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। मुख्य सड़कों पर गाड़ियों की लंबी कतारें लगी रहीं और लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा। जश्न के माहौल में समर्थकों की भीड़, डीजे, आतिशबाजी ,रंग गुलाल और वाहनों के काफिले ने कई प्रमुख मार्गों पर यातायात बाधित कर दिया। प्रशासन द्वारा विशेष इंतजाम किए जाने का दावा किया गया था, लेकिन जमीन पर ट्रैफिक व्यवस्था बेपटरी नजर आई।
कई चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती के बावजूद स्थिति पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी। जाम के कारण स्कूली बच्चों और अभिभावकों को घर पहुंचने में देरी हुई। मरीजों को अस्पताल ले जाने में दिक्कत, एंबुलेंस भी फंसी नजर आई। नौकरीपेशा लोग समय पर घर नहीं पहुंच सके। बाजार क्षेत्र में खरीदारी करने आए लोग घंटों फंसे रहे। छोटे कारोबारियों की बिक्री प्रभावित हुई। शहर के प्रमुख मार्गों,मुख्य बाजार, बस स्टैंड रोड, कृषि मार्किट और बरवाटोली चौक के आसपास सबसे अधिक ट्रैफिक का दबाव देखा गया। कई जगहों पर वाहन रेंगते नजर आए और लोग वैकल्पिक रास्तों की तलाश करते रहे। देर रात तक पटाखों और जुलूस का दौर चलता रहा, जिससे आम लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



