कार से टक्कर में पल्सर सवार युवक गंभीर, रिम्स रेफर
कुडू-लोहरदगा मुख्य पथ पर एक भीषण सड़क हादसे में 23 वर्षीय आशीष लोहरा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रात करीब नौ बजे हुआ जब उनकी पल्सर बाइक एक बलेनो कार से टकरा गई। आशीष का पैर तीन जगह से टूटा और अन्य हिस्सों में भी चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

कुडू, प्रतिनिधि। एनएच 143ए कुड़ू-लोहरदगा मुख्य पथ पर कुडू ब्लाक मोड़ के नजदीक बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में पल्सर बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रात करीब नौ बजे कुडू ब्लाक मोड़ के पास हुई। जहां पल्सर बाइक की एक बलेनो कार संख्या जेएच01ईजी-9096 से जोरदार टक्कर हो गई। इसमें कुडू थाना क्षेत्र के उमरी गांव निवासी आशीष लोहरा 23 वर्ष पिता सुरेश लोहरा गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आशीष का दाहिना पैर तीन जगह से टूट गया। जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं।
वहीं कार का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल कुडू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां चिकित्सकों ने स्थिति नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स, रांची रेफर कर दिया। दुर्घटना रोकने को लगा बैरिकेटिंग बना हादसे की वजह स्थानीय चश्मदीदों के अनुसार, कुछ दिन पूर्व इसी मोड़ पर एक अनियंत्रित बोलेरो वाहन ने दो लोगों को रौंद दिया था। जिसमें सत्येंद्र साहू और राजेश यादव की मौत हो गई थी। इसके बाद ग्रामीणों की मांग पर प्रशासन द्वारा मोड़ पर बैरिकेटिंग लगाई गई। लेकिन समस्या यह है कि क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण रात के समय बैरिकेटर दिखाई नहीं देता, जिससे वाहन चालक अचानक संतुलन खो बैठते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बैरिकेटिंग के बजाय सड़क पर स्पीड ब्रेकर और उचित स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था अधिक सुरक्षित विकल्प होती। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द प्रकाश व्यवस्था सुधारने और सुरक्षित यातायात उपाय करने की मांग की है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




