वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सृजनात्मकता का मंच है विज्ञान प्रदर्शनी: डीइओ
लोहरदगा में डायट चीरी में विज्ञान प्रदर्शनी एवं शिक्षक समागम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी ने छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। पीएमश्री केजीबीवी सेन्हा ने प्रदर्शनी में प्रथम स्थान प्राप्त किया। शिक्षकों को विभिन्न गतिविधियों में भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया गया।

लोहरदगा, संवाददाता। शिक्षा प्रशिक्षण संस्थान-डायट चीरी, लोहरदगा में मंगलवार को विज्ञान प्रदर्शनी एवं शिक्षक समागम का आयोजन किया गया। डायट प्राचार्य सह जिला शिक्षा अधीक्षक अभिजीत कुमार के मार्गदर्शन में जिले के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के बीच वैज्ञानिक दृष्टिकोण को प्रोत्साहन देने, प्रतिभाओं को अवसर उपलब्ध कराने के लिए यह आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी दास सुनन्दा चन्द्रमौलेश्वर, डीएसई अभिजीत कुमार संकाय सदस्यों एवं निर्णायक मंडल के सदस्यों ने इसकी शुरूआत की।डीइओ ने संबोधन में कहा कि छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, सृजनात्मकता एवं परस्पर सीखने का उचित मंच विज्ञान प्रदर्शनी है। भविष्य के बाल वैज्ञानिकों को गढ़ने में नोडल शिक्षकों की भूमिका को रेखांकित करते हुए विज्ञान शिक्षण को प्रयोग केन्द्रित, वाह्य शिक्षण, शैक्षणिक भ्रमण को प्रोत्साहन देकर छात्रों को अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि यह मंच छात्रों के बीच आगे आने वाले जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों हेतु तैयार करेगा। उन्होंने शिक्षक समागम में उपस्थित विभिन्न गतिविधियों के प्रतिभागी शिक्षकों का उत्साहवर्धन करते हुए अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करते हुए खेल भावना के निहित गुणों को छात्रों में भी बढ़ावा देने का आग्रह किया। सीमित संसाधनों के बावजूद संकुल एवं प्रखण्ड स्तर पर भी समय-समय पर इस प्रकार के आयोजन को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। विज्ञान प्रदर्शनी में उपस्थित जिले के मध्य एवं माध्यमिक विद्यालय के प्रतिभागियों के प्रदर्श का मूल्यांकन निर्णायक मंडल के सदस्य अंकेश कुमार मेहता, निशा कुमारी एवं नरेशचंद्र महतो द्वारा किया गया। प्रदर्श में वैज्ञानिक दृष्टिकोण,सृजनात्मकता ,नवाचार, उपयोगिता, प्रस्तुतीकरण को मानक मानकर मूल्यांकन किया गया।विज्ञान प्रदर्शनी में पीएमश्री केजीबीवी सेन्हा को प्रथम स्थानविज्ञान प्रदर्शनी में प्रथम स्थान पीएमश्री केजीबीवी सेन्हा, द्वितीय केजीबीवी कुडू एवं तृतीय स्थान पीएम श्री राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यालय कुजरा के विद्यार्थियों को मिला। दो दिवसीय आयोजित शिक्षक समागम के प्रथम दिन विभिन्न कोटि के शिक्षकों के बीच इन्डोर खेल- बैडमिन्टन, शतरंज, कैरम, पिट्टी, रस्साकस्सी, म्यूजिकल चेयर रेस, का आयोजन किया गया। शारीरिक शिक्षा के शिक्षकों को नोडल की जिम्मेवारी दी गई है, जिनके द्वारा विभिन्न आयोजनों का संचालन सफलतापूर्वक किया जा रहा है। प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए सफल प्रतिभागियों को भी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में संकाय सदस्य अमृता सिन्हा, रविशंकर कुमार, श्याम बिहारी महतो, विजय बैठा, महबूब आलम, ललिता कुमारी, रनिश कुमार, मंजू कुमारी, रोमा मिंज, वरुण कुमार के अतिरिक्त शिक्षकेत्तर कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


