
आज से बस और ट्रेन में रहेगी भीड़, काम पर वापस लौटेंगे लोग
संक्षेप: छठ महापर्व के समापन के बाद, लोग बुधवार से अपने काम पर लौटेंगे। लंबी दूरी की ट्रेनों और बसों में यात्रियों की भीड़ बढ़ने की संभावना है, लेकिन रेलवे और बस एसोसिएशन ने इससे इंकार किया है। स्टेशन पर...
लोहरदगा, संवाददाता। छठ महापर्व का समापन हो चुका है और अब त्यौहार पर घर लौटे लोग पुनः बुधवार से अपने काम पर वापस लौटेंगे। बुधवार से लोगों का रोजी-रोजगार के लिए वापस परदेस जाने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। अब लंबी दूरी की ट्रेन और बसों में यात्रियों की भीड़ उमड़ने की संभावना है। परंतु रेलवे प्रबंधन और बस एसोसिएशन इसके उलट ऐसी संभावना से इंकार कर रहा है। संबंधित अधिकारियों का कहना है कि लोहरदगा जिले में ऐसी स्थिति नहीं है। हालांकि वापसी करनेवालों की भीड़ बढ़ेगी और रेलवे स्टेशन परिसर में सुबह से ही यात्रियों की हलचल शुरू हो जाएगी।

रिजर्वेशन काउंटरों पर तत्काल टिकट के लिए कतारें लगने की संभावना है। कई यात्री अहले सुबह ही स्टेशन पहुंचने की तैयारी में हैं ताकि टिकट मिल सके। स्टेशन प्रबंधन का कहना है कि जिले से गुजरने वाली सासाराम एक्सप्रेस और राजधानी ट्रेन में ही वापसी की भीड़ है। बाकी ट्रेनों में भीड़ सामान्य है। जबकि अन्य ट्रेनों में स्थिति सामान्य है। वहीं भीड़ की संभावना को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने व्यवस्था चाक-चौबंद रखने का दावा किया है। प्लेटफॉर्मों पर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए जा गए हैं और स्टेशन परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वहीं, बस स्टैंडों पर स्थिति सामान्य बनी हुई है। बस एसोसिएशन के राजेश अग्रवाल का कहना है कि अब पर्व-त्योहारों पर भी पहले जैसी खास भीड़ नहीं दिखती। लोगों की यात्रा प्राथमिकता अब धीरे-धीरे ट्रेन और निजी वाहनों की ओर बढ़ रही है। छठ पर्व के बाद काम पर वापसी का यह सिलसिला आने वाले कुछ दिनों तक जारी रहने की संभावना है पर बहुत अधिक मारामारी वाली स्थिति नहीं है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




