
सचिवालय के लिए निकले असिस्टेंट डॉक्टर की झाड़ियों में मिली लाश
लोहरदगा में पशुपालन विभाग के असिस्टेंट डाक्टर राजीव कुमार की लाश बुधवार सुबह झाड़ियों में मिली। वह मंगलवार शाम सचिवालय जाने की बात कहकर घर से निकले थे। उनकी बाइक संदिग्ध स्थिति में मिली थी। परिजनों ने रातभर उनकी तलाश की, लेकिन सुबह उनका शव मिला। पोस्टमॉर्टम के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा।
लोहरदगा, प्रतिनिधि। सचिवालय जाने की बात कहकर घर से निकले पशुपालन विभाग के असिस्टेंट डाक्टर राजीव कुमार की लाश बुधवार सुबह लोहरदगा के मैना बागीचा के निकट झाड़ियों में मिली। संदिग्ध परिस्थिति में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई। लोहरदगा के संजय गांधी पथ निवासी 55 वर्षीय राजीव कुमार के परिजनों ने बताया कि वह कल शाम घर से यह कहकर निकले थे कि उन्हें सचिवालय जाना है। देर शाम उनकी बाइक मैना बगीचा बाजार के पास संदिग्ध स्थिति में खड़ी मिली। परिजन और स्थानीय लोगों ने रात में उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सुबह बाजार के पास झाड़ियों में एक व्यक्ति को पड़ा देखा गया।
परिजनों द्वारा पहचान किए जाने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने राजीव को मृत घोषित कर दिया। राजीव पिछले 20 वर्षों से पशुपालन विभाग में कार्यरत थे। कयास लगाया जा रहा है कि ठंड लगने की वजह से उनकी मौत हुई होगी। हालांकि, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




